साइबर अपराध व बाल विवाह को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान
लक्ष्मीपुर. बिहार पुलिस सप्ताह को लेकर सोमवार को प्रखंड के मटिया स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में स्थानीय पुलिस व स्कूली बच्चों के बीच संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराध के बारे में बच्चों को जानकारी दी. उन्होने बच्चों को बताया कि अनजान नंबर से आने वाले फोन कॉल करने पर उसे नजर अंदाज करें. ऐसे मोबाइल नंबर जिससे आप परिचित नही हैं. उस नंबर पर ज्यादा देर तक बातचीत करना आपके लिए खतरा साबित हो सकता है. उन्होंने हाल के दिनों में साइबर अपराध व डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं से बच्चों को अवगत कराया और बताया कि कोई भी व्यक्ति पुलिस अथवा किसी भी विभाग का अधिकारी बनकर अगर आपको डराने धमकाने जैसी बात करता है तो समझ लेना है कि यह डिजिटल अरेस्ट है. ऐसे फोन कॉल से सबों को बचने की जरूरत है. इसके अलावा उन्होने कहा कि फोन पर किसी को भी अपना या अपने माता पिता का आधार कार्ड या उसका नंबर नही बताना है. इसके अलावा उन्होंने बाल विवाह को लेकर कुछ महत्व पूर्ण जानकारी बच्चों को दी. कहा कि बाल विवाह भी एक सामाजिक कुरीति है. और कानूनन अपराध भी है. 18 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों व 21 वर्ष से कम उम्र के लडकों को विवाह नही करना चाहिए. अगर माता पिता ऐसा करते हैं तो उसका विरोध कीजिए और खुद भी ऐसा कदम कदापि न उठाएं. संवाद कार्यक्रम में महिला हेल्प डेस्क की प्रभारी ज्योति कुमारी ने लडकियों को बेड टच व गुड टच के बारे में जानकारी दी. और घरेलू हिंसा के बारे में भी विस्तार से बताया. उन्होंने महिला हेल्प डेस्क का नंबर भी बच्चों के बीच शेयर किया. एस आई ज्योति ने लड़कियों को बताया कि घर से लेकर बाहर तक अगर कोई आपके अथवा आपकी मा, बहन या पड़ोसी के साथ गलत व्यवहार करता है तो इसकी सूचना महिला हेल्प डेस्क को दें. त्वरित कार्रवाई की जाएगी. इस मौके पर एस आई राजकुमार, मनोज कुमार सिंह व एच एम प्रभात प्रभाकर, वरीय शिक्षक निवास कुमार सिंह, विजय आर्य, विजय शर्मा, प्रतिभा कुमारी, डिम्पल कुमारी, रेखा कुमारी सहित कई लोग मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
