रजिस्ट्रेशन नंबर बदलकर किया जा रहा था इस्तेमाल
सोनो. पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह का उद्भेदन किया है. चोरी की एक बाइक को बरामद करने के साथ ही इसमें संलिप्त तीन युवकों को भी गिरफ्तार किया है. शुक्रवार को सोनो थाना में प्रेस वार्ता करते हुए झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि गुरुवार की रात्रि सोनो झाझा मुख्य मार्ग पर पंचपहाड़ी मंदिर के समीप सोनो थाना की गश्ती टीम द्वारा एक मोटरसाइकिल चालक को रुकने का इशारा किया लेकिन बाइक चालक पुलिस को देख तेजी से भागने लगा जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पीछा कर पकड़ लिया गया. पकड़े गए युवक की पहचान सोनो निवासी शिवम कुमार के रूप में हुई. उससे जब बाइक के पेपर मांगे गए तब वह कोई कागजात नहीं दिखा सका. उसने पुलिस को बताया कि वह सोनो निवासी सन्नी कुमार और हरदीमोह निवासी राहुल कुमार से इस बाइक को नौ हजार रुपए में खरीदा जिसमें पांच हजार की राशि का भुगतान किया और शेष चार हजार रुपए बाकी रह गया था. पकड़े गए युवक को बाइक सहित थाना लाकर जब एचएचडी मशीन से बाइक के इंजन नंबर की जांच की गई तब मोटरसाइकिल का सही रजिस्ट्रेशन नंबर बरामद मोटरसाइकिल से भिन्न पाया गया. बरामद बाइक के नंबर प्लेट पर रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर01पी-5201 लिखा हुआ था जबकि बरामद इस बाइक का सही रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर46बी-3869 है. इस सही रजिस्ट्रेशन वाले बाइक के संदर्भ में जांच करने पर यह पाया गया कि इस बाइक की चोरी होने को लेकर हरदीमोह निवासी अजीत कुमार के द्वारा खैरा थाना में बीते 20 दिसंबर 2024 को खैरा थाना में कांड संख्या 484/24 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराया हुआ है. इस छानबीन से पुलिस यह स्पष्ट रूप से समझ गई कि मामला चोरी के बाइक का है लिहाजा पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष दीनानाथ सिंह खुद टीम बनाकर छापेमारी करते हुए सोनो से सन्नी कुमार को और हरदीमोह से राहुल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ किया. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बाइक चोरी मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है. गिरफ्तार तीनों युवकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए बाइक चोर गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी गयी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
