आंध्र प्रदेश कमाने गया मजदूर चार दिनों से लापता, पत्नी ने लगायी गुहार

मजदूरी करने के लिए आंध्र प्रदेश गया एक मजदूर पिछले चार दिनों से लापता है. लापता मजदूर चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाड़ी पंचायत के सपहा गांव निवासी साहुल हैंम्ब्रम बताया जा रहा है.

चकाई . मजदूरी करने के लिए आंध्र प्रदेश गया एक मजदूर पिछले चार दिनों से लापता है. लापता मजदूर चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाड़ी पंचायत के सपहा गांव निवासी साहुल हैंम्ब्रम बताया जा रहा है. मजदूर की पत्नी मंझली हसदा ने चंद्रमंडीह थाने में आवेदन देकर अपने पति की खोजबीन कराने की गुहार लगायी है. पीड़िता मंझली हसदा ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि करीब तीन माह पूर्व बेलहर थाना क्षेत्र के चिंगलिया गांव निवासी विनोद टुडू फोन कर उनके पति को मजदूरी के लिए आंध्र प्रदेश ले गया था. इसके बाद से उसके पति वहीं काम कर रहे थे. इसी बीच चार फरवरी को पति ने फोन कर बताया कि वे घर लौट रहे हैं. इसके अगले दिन पांच फरवरी को साहुल हैंम्ब्रम ने किसी दूसरे मोबाइल नंबर से अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि वे गंभीर संकट में हैं. उन्होंने कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल और पैसा छीन लिया है. इसके कारण वे अब घर नहीं लौट पायेंगे. इसके बाद उनका फोन अचानक बंद हो गया. तब से उनके दोनों मोबाइल नंबर स्विच ऑफ हैं. पीड़िता ने बताया कि पति से संपर्क करने का लगातार प्रयास किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. अब तक पति के घर नहीं लौटने से पूरे परिवार में दहशत और चिंता का माहौल है. मंझली हसदा ने यह भी बताया कि बेलहर क्षेत्र का विनोद टुडू अक्सर इस इलाके से मजदूरों को काम दिलाने के नाम पर आंध्र प्रदेश ले जाता है. पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई करते हुए साहुल हैंम्ब्रम की खोजबीन करने की मांग की है. पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है और संबंधित स्थानों पर जानकारी जुटायी जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pankaj kumar singh

पंकज कुमार सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के जमुई कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >