चकाई. चकाई चौक स्थित संतोषी ज्वेलर्स की दुकान में मंगलवार सुबह दो बदमाशों ने गहनों की चोरी का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार की सतर्कता के कारण बदमाशों को बैग छोड़कर भागना पड़ा. इस दौरान करीब 60 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी होने से बच गये. जानकारी के अनुसार, तीनघरा गांव निवासी दुकान मालिक सुनील कुमार स्वर्णकार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपनी दुकान खोलकर बाहर झाड़ू लगा रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे. एक युवक दुकान के अंदर घुस गया और वहां रखा सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग उठाकर बाहर निकल गया, जबकि उसका साथी बाइक स्टार्ट कर भागने के लिए तैयार खड़ा था. दुकानदार ने जैसे ही युवक को बैग लेकर बाहर निकलते देखा, वह तुरंत उसके पीछे दौड़ पड़े और झाड़ू के मुठ से उसकी कमर पर जोरदार प्रहार कर दिया. अचानक हुए इस हमले से बदमाश घबरा गया और गहनों से भरा बैग छोड़कर भाग निकला. दुकानदार ने कुछ दूर तक बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन वह अपने साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गया. दुकानदार के अनुसार बैग में करीब 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने थे, जो उनकी सतर्कता से सुरक्षित बच गये. बताया जाता है कि इससे पहले भी वर्ष 2023 के नवंबर माह में चोरों ने दुकान का शटर काटकर करीब चार लाख रुपये के गहनों की चोरी कर ली थी, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. घटना की सूचना मिलने पर चकाई पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. वहीं चकाई चौक जैसे व्यस्त स्थान पर दिनदहाड़े चोरी के प्रयास की घटना से स्थानीय लोगों में काफी रोष देखा जा रहा है.
दुकानदार ने दिखाया साहस, गहनों से भरा बैग छोड़ भागे बदमाश
चकाई चौक स्थित संतोषी ज्वेलर्स की दुकान में मंगलवार सुबह दो बदमाशों ने गहनों की चोरी का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार की सतर्कता के कारण बदमाशों को बैग छोड़कर भागना पड़ा.
