झाझा. प्रखंड क्षेत्र के सर्किल नंबर एक स्थित बोड़बा पंचायत के बिशनपुर जरीजोर गांव में बीते बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी. ससुराल में रह रहे दामाद ने ससुर की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान 70 वर्षीय वकील पुजहर के रूप में हुई है. बताया जाता है कि आरोपित दामाद मन्नू नैया, कर्मा पंचायत के भलधुंभी गांव निवासी है. घटना की सूचना गुरुवार सुबह पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजेश कुमार, थानाध्यक्ष एलबी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. वहीं, एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य लिया. मृतक की पत्नी ममता देवी ने बताया कि मुझे तीन पुत्री है और कोई पुत्र नहीं है. बड़ी पुत्री की शादी मन्नू नैया से हुई थी, जिसे हमलोगों ने घर जमाई बनाकर अपने साथ रखा था. उन्होंने बताया कि बीते बुधवार रात दामाद ने शराब पीने के लिए मेरी बेटी से पैसा मांगा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी. बीच-बचाव करने पहुंचे मेरे पति वकील पुजहर पर दामाद मन्नू नैया ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस घटना में मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. घटना के बाद वह हमलोगों को धमकाते हुए घर से फरार हो गया. एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि आरोपित दामाद ने ससुर की हत्या की है. पुलिस कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर छानबीन कर रही है.
दामाद ने ससुर की धारदार हथियार से की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
प्रखंड क्षेत्र के सर्किल नंबर एक स्थित बोड़बा पंचायत के बिशनपुर जरीजोर गांव में बीते बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी.
