सोनो. झारखंड के बैंगाबाद थाना क्षेत्र के मंझला टोला से बीते शनिवार रात्रि पटना एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार किये गये नक्सली पंकज यादव व पवन कुमार सिंह को चरकापत्थर पुलिस जल्द ही रिमांड पर लेगी. दोनों चिल्काखार निवासी पूर्व नक्सली कमांडर लखन यादव हत्याकांड का आरोपित है. उक्त हत्याकांड को लेकर चरकापत्थर थाने में दर्ज नामजद चार आरोपितों में से दो यही दोनों है जिनकी तलाश चरकापत्थर पुलिस कर रही थी. उक्त हत्याकांड के मुख्य आरोपित चिल्काखार निवासी नक्सली मनोज हांसदा को पुलिस ने बीते 25 फरवरी को दमन से गिरफ्तार किया था, जबकि एक अन्य आरोपित मुकेश यादव किसी अन्य कांड में पुलिस के हत्थे चढ़ा था. बाद में उसे इस कांड में रिमांड पर लिया गया था. शेष दो आरोपित नक्सली पंकज यादव व इन लोगों का साथी कोडरमा निवासी पवन सिंह की गिरफ्तारी को लेकर चरकापत्थर पुलिस प्रयास कर रही थी. तभी पटना एसटीएफ की टीम ने दोनों को बैंगाबाद थाना क्षेत्र के मंझला टोला गांव से गिरफ्तार कर लिया. दोनों वहां पंकज के एक रिश्तेदार के घर छुपकर रह रहे थे. गिरफ्तार पंकज यादव चरकापत्थर थाना क्षेत्र के चिल्काखार गांव का रहने वाला है. इस पर चरका पत्थर थाना में लखन यादव हत्याकांड मामले के अलावे चकाई थाना में दो मामला व तीसरी थाना में एक मामला दर्ज है. चरकापत्थर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि अपने थाना के कांड 143/25 को लेकर दोनों को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी.
पूर्व नक्सली लखन यादव की गोली मारकर की गयी थी हत्या
कभी माओवादी संगठन में अपनी खास पकड़ रखने वाले नक्सल कमांडर लखन यादव जब जेल से बाहर आए तो सामान्य जीवन व्यतीत करने लगे. वे प्रायः चरकापत्थर थाना क्षेत्र के चिल्काखार गांव के रहने वाले थे. नक्सल गतिविधि से अपने को दूर रखते हुए गांव में सामान्य जीवन बिताने वाले लखन पर बीते 27 दिसंबर 2025 की शाम समीपवर्ती गांव बाराटांड़ में बाइक पर आए आरोपितों ने ताबड़तोड़ फायरिंग किया जिससे लखन की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी. लखन की पत्नी ने गांव के ही मनोज हांसदा, पंकज यादव, मुकेश यादव व पवन सिंह को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पहले मुकेश यादव और बाद में मनोज हांसदा को गिरफ्तार कर लिया गया था. शेष दो आरोपित पंकज व पवन बीते शनिवार रात्रि पटना एसटीएफ के हत्थे चढ़ गए.
