Jhajha Simultala Road: झाझा (जमुई). झाझा–सिमुलतला मुख्य मार्ग एनएच-333ए की बदहाल स्थिति को लेकर एबीवीपी द्वारा उठाई गई आवाज के बाद पथ निर्माण विभाग हरकत में आया है. मुख्य अभियंता, राष्ट्रीय उच्च पथ (दक्षिण), बिहार ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को सड़क की शीघ्र मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. हालांकि जमीनी स्तर पर मरम्मत कार्य अब भी अधूरा है.
निर्देश के बाद भी केवल औपचारिक मरम्मत
स्थानीय लोगों के अनुसार विभाग ने कुछ स्थानों पर बड़े गड्ढों में मिट्टी और गिट्टी डालकर केवल औपचारिकता निभाई है. झाझा से सिमुलतला तक कई हिस्सों में सड़क अब भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त है. विशेष रूप से रजला और सिमुलतला के जंगल क्षेत्र में सड़क की हालत सबसे खराब बनी हुई है.
बारिश में बढ़ा हादसों का खतरा
लगातार हो रही बारिश से सड़क के गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे सड़क और गड्ढे के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया है. इससे दोपहिया, चारपहिया तथा सार्वजनिक वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका लगातार बनी हुई है.
श्रावणी मेला से पहले सड़क दुरुस्त करने की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता सूरज बरनवाल ने कहा कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. श्रावणी मेला शुरू होने वाला है और हजारों कांवरियों तथा श्रद्धालुओं का आवागमन इसी सड़क से होगा. ऐसे में सड़क की वर्तमान स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है.
एबीवीपी ने स्थायी मरम्मत की उठाई मांग
Jhajha Simultala Road: एबीवीपी कार्यकर्ता कार्तिक कुसुम यादव ने कहा कि विभाग द्वारा निर्देश जारी करना स्वागतयोग्य है, लेकिन केवल गड्ढों में मिट्टी डालने से समस्या का समाधान नहीं होगा. जब तक पूरे मार्ग की गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत नहीं होती, तब तक आम लोगों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती.प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरिनंदन प्रजापति एवं नगर मंत्री नीतीश केशरी ने पथ निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से श्रावणी मेला शुरू होने से पहले नरगंजो, रजला और सिमुलतला क्षेत्र में एनएच-333ए की विशेष मरम्मत युद्धस्तर पर कराने की मांग की है.
