जमुई. मुख्यमंत्री की संभावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीएम श्री नवीन ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सात निश्चय-2 समेत अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने कृषि एवं ग्रामीण बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर देते हुए हर खेत तक सिंचाई का पानी और मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए. जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक ग्राम एवं नगर पंचायत में स्पोर्ट्स क्लब के गठन तथा खेल मैदानों के सुदृढ़ीकरण पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके. बैठक में नदी घाटों पर विद्युत शवदाह गृह और पंचायत स्तर पर मोक्षधाम के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. साथ ही, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्यों और भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं से प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के निर्माण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गयी. जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की रिपोर्टिंग और आंकड़ों में पूरी सटीकता बरती जाये, ताकि जिले की वास्तविक प्रगति स्पष्ट रूप से सामने आ सके. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया और विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयास से मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान जमुई जिले की विकासशील छवि प्रस्तुत की जा सकेगी. बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ तथा संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
किसानों को मिलने वाली सुविधाओं में कोई कमी न रहे : डीएम
मुख्यमंत्री की संभावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
