पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का चौथा दिन, वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य झांकियों के साथ नगर भ्रमण संपन्न

Pran Pratishtha Mahotsav: जमुई शहर के सुरेशपुरम स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के समीप अवस्थित श्री सर्वदेव दिव्य धाम में आयोजित पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे दिन नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली गई. देवी-देवताओं की सुसज्जित प्रतिमाओं, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक जयघोषों के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और मार्गभर हुई पुष्पवर्षा ने आयोजन को भव्य बना दिया.

जमुई से पंकज कुमार सिंह की रिपोर्ट

Pran Pratishtha Mahotsav: शंखनाद, भजन-कीर्तन और जयकारों से रविवार को पूरा जमुई नगर गूंज उठा. श्री सर्वदेव दिव्य धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चौथे दिन निकली भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था और भक्ति का अनुपम उदाहरण पेश किया.

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुई शोभायात्रा

नगर भ्रमण कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक आचार्यों के मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और मंगल ध्वनि के साथ हुआ. शोभायात्रा श्री सर्वदेव दिव्य धाम परिसर से निकलकर महिसौड़ी चौक, पंच मंदिर, महाराजगंज, कचहरी चौक, अतिथि पैलेस सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची.

पुष्पवर्षा से हुआ श्रद्धालुओं का स्वागत

यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया. महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए. धार्मिक झांकियों और आकर्षक सजावट ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया.

जयघोष और भजन-कीर्तन से गूंजा शहर

शोभायात्रा के दौरान शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि, भजन-कीर्तन और जय श्रीराम, हर-हर महादेव तथा जय माता दी के उद्घोष से पूरा नगर गुंजायमान रहा. श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नृत्य करते हुए भगवान के जयकारे लगाते रहे.

वैदिक अनुष्ठानों का भी हुआ आयोजन

महोत्सव के तहत वैदिक आचार्यों के निर्देशन में पूजा, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न कराए गए. मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. भक्तों ने भगवान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की.

22 जून को होगा महोत्सव का समापन

आयोजन समिति के अनुसार 18 जून से 22 जून तक चल रहे इस धार्मिक महोत्सव में श्री श्री 1008 शिव परिवार, रामदरबार, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है. महोत्सव के अंतिम चरण में प्राण प्रतिष्ठा और पूर्णाहुति से जुड़े महत्वपूर्ण अनुष्ठान संपन्न होंगे.

श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के निदेशक एवं आयोजन समिति के सदस्य मनोज कुमार सिन्हा ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह महोत्सव पूरे क्षेत्र में धार्मिक जागरण और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दे रहा है.

ALSO READ: जमुई सदर अस्पताल में आज डॉ नवीन चंद्र गुप्ता संभालेंगे पुरुष ओपीडी, जानें पूरा रोस्टर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

प्रभात खबर में कंटेंट राइटर, जिन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 5 साल से ज़्यादा का अनुभव है. न्यूज़ राइटिंग, कंटेंट क्रिएशन, कॉपी एडिटिंग, हेडलाइन राइटिंग और फ़ैक्ट-चेकिंग में अनुभवी. कृषि, वन और पर्यावरण, शिक्षा, राजनीति, टेलीकम्युनिकेशन, धर्म और आध्यात्मिक मामले, सामाजिक मुद्दे, NGO और संस्थान, सरकारी कामकाज और समसामयिक मामलों जैसे कई विषयों पर काम किया है. संपादकीय मानकों और न्यूज़रूम की कार्यक्षमता को बनाए रखते हुए सटीक, प्रभावशाली और पाठकों पर केंद्रित पत्रकारिता करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >