चकाई और चीहरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
चकाई. प्रखंड के चकाई और चीहरा थाना की पुलिस ने मंगलवार को ओवर लोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग के दुम्मा मोड़ के समीप झारखंड राज्य के गिरिडीह की ओर से आ रहे चार ओवरलोडिंग कोयला लदे ट्रक को रोककर उसकी जांच की. इस कार्रवाई का नेतृत्व चीहरा थानाध्यक्ष रिंकू रजक एवं चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार कर रहे थे. पुलिस कि इस कार्रवाई से अवैध ओवरलोडेड ट्रक संचालकों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने जब ओवरलोड ट्रक को रोककर उसकी जांच की तो न सिर्फ उसपर ओवरलोडेड कोयला पाया गया, बल्कि कोयले का कागजात भी फर्जी पाया गया है जिससे सरकार को राजस्व का भी नुकसान हो रहा है.पुलिस सूत्रों ने बताया कि ट्रक चालकों द्वारा जो कोयला का कागजात पेश किया गया वह जांच में फर्जी पाया गया. पुलिस की सूचना पर खनन विभाग, जीएसटी अधिकारी एवं परिवहन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर ट्रक के कागजात सहित अन्य जरूरी बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं. जांच में कई खामियां पाई गई है. सूत्रों की माने तो पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि झारखंड की ओर से आने वाले ट्रक ओवरलोड की आड में परिवहन नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए आवागमन कर रहे हैं. जिसके बाद पुलिस ने संयुक्त रूप से मंगलवार को यह अभियान चलाया. जिसमें अवैध परिवहन खनन की पोल खुल गई. पुलिस ने ट्रक के चालकों को भी हिरासत में ले लिया है. गौरतलब है कि चकाई थाना क्षेत्र के सरौन बॉर्डर से नियमित रूप से झारखंड की ओर से प्रतिदिन ओवरलोडेड कोयला ट्रक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र को पार करते हुए उत्तर बिहार की ओर जाते हैं.
