झाझा में विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस पर पथराव, थानाध्यक्ष समेत सात पुलिसकर्मी घायल

झाझा में प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर पुलिस और लोगों में विवाद हो गया. पुलिस पर पथराव में थानाध्यक्ष सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.

झाझा : झाझा में शुक्रवार देर शाम प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले जुलूस के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर विवाद हो गया. जुलूस के थाना गेट के पास पहुंचने पर पुलिस ने डीजे की आवाज कम करने को कहा. इसी बात को लेकर कुछ लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए. आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज के बाद कुछ लोगों ने थाना गेट के सामने पुलिस पर पथराव कर दिया. घटना में थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए.

घटना के बाद लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network

डीजे की आवाज कम करने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकला था. जुलूस में शामिल लोग तेज आवाज में डीजे बजाते हुए झाझा थाना गेट के पास पहुंचे. पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने से मना करते हुए आवाज कम करने को कहा.

इसी बात को लेकर जुलूस में शामिल कुछ लोग पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे. आरोप है कि इस दौरान पुलिस के साथ गाली-गलौज की गयी और कुछ लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया.

पथराव में थानाध्यक्ष समेत सात पुलिसकर्मी घायल

अचानक हुए पथराव में झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह समेत सात पुलिसकर्मी घायल हो गए. घायलों में पांच पुरुष और दो महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं. घायलों में नीतीश कुमार झा, दीपक कुमार, अमित कुमार, अमरजीत कुमार और प्रियंका कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं.

घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए जुलूस में शामिल लोगों को वहां से हटाया. घायल सभी पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल झाझा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. पुलिस के अनुसार, सभी की स्थिति फिलहाल बेहतर है.

पांच लोग गिरफ्तार, अन्य की पहचान जारी

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया. थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि पथराव करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और उनकी पहचान के लिए छानबीन जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतांबर सिंह

ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >