सोनो. प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र से शनिवार को पांच लोग उमराह के लिए रवाना हुए. ग्राम विशनपुर से मंसूर अंसारी, ग्राम बोथा से चिकित्सक लालमुद्दीन अंसारी, ग्राम मुसहराटांड़ से शमसुद्दीन अंसारी, ग्राम बुढ़ियालापर से हाफ़िज़ शमसुल अंसारी और ग्राम बुटवरिया से मुस्लिम अंसारी अपने एक महीने के उमराह के दौरान दस दिनों तक इराक व 20 दिनों तक मक्का मदीना की यात्रा पर रहेंगे. शनिवार को करमाटांड़ के समीप बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पांचों को फूल माला पहनाकर उत्साह पूर्वक उन्हें रवाना किया. समाजसेवी सह जिला परिषद सदस्य पति मो शिबगतुल्लाह ने बताया कि सभी पांचों उमराह यात्री झाझा से ट्रेन द्वारा दिल्ली जाएंगे और दिल्ली से सोमवार यानी 22 सितंबर को हवाई जहाज से इराक के लिए रवाना हो जाएंगे. इराक में दस दिनों की अपनी यात्रा के दौरान वे लोग इमाम हुसैन के शहादत स्थल पवित्र करबला का मैदान जाएंगे. साथ ही इस दौरान वे करबला के अलावे हज़रत इमाम हुसैन व गौसेपाक रज़ियाल्लाअनहो के मज़ार की भी जियारत करेंगे. इराक से ये लोग मक्का मदीना आएंगे और बीस दिनों तक मक्का व मदीना में जियारत करेंगे. यहां अल्लाह की इबादत करते हुए अपने लोगों, क्षेत्रवासियों और देशवासियों के लिए दुआ करेंगे साथ ही देश में अमन शांति की दुआ करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
