जमुई. जमुई की पावन धरती और इसकी नैसर्गिक सुंदरता के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया है. प्रतिष्ठित वैश्विक चैनल डिस्कवरी इंडिया के कार्यक्रम वॉटरफॉल्स ऑफ बिहार में जिले के प्रसिद्ध पंचभूर जलप्रपात को विशेष स्थान दिया गया है. जानकारी देते हुए डीपीआरओ डॉ मेनका कुमारी ने बताया कि यह कार्यक्रम रविवार शाम 7:00 बजे प्रसारित किया गया. यह उपलब्धि जमुई जिला प्रशासन की दूरदर्शिता और सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है. खासकर जिला पदाधिकारी श्री नवीन के नेतृत्व में जिले के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास अब रंग लाने लगे हैं. पंचभूर जलप्रपात का इस तरह वैश्विक मंच पर प्रस्तुतीकरण न सिर्फ जिले की प्राकृतिक धरोहर को पहचान दिलाएगा, बल्कि पर्यटन की संभावनाओं को भी नया आयाम देगा. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और विकास के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है. जिलेवासियों के लिए यह गौरव और हर्ष का विषय है कि उनकी धरती की सुंदरता अब देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचेगी. जिला प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को व्यापक रूप से प्रचारित-प्रसारित करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक लोग जमुई की इस प्राकृतिक विरासत से रूबरू हो सकें और जिले की पहचान और मजबूत हो सके.
डिस्कवरी इंडिया पर दिखाया गया जमुई का पंचभूर जलप्रपात
जमुई की पावन धरती और इसकी नैसर्गिक सुंदरता के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया है.
