जमुई. बीते शनिवार देर शाम जिले के लछुआड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसियों ने एक पति-पत्नी समेत तीन लोगों पर लोहे की रॉड और तेज धार हथियार से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया. घटना में सुरेंद्र राम, उनकी पत्नी संध्या कुमारी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों को देर रात सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घायल सुरेंद्र राम ने बताया कि हमलोग सिकंदरा बाजार से सामान खरीदकर ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे. जैसे ही वे घर के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए आरोपितों ने उन्हें ई-रिक्शा से खींच लिया और लाठी-डंडा, लोहे की रॉड व धारदार हथियार से हमला कर दिया. घायल ने विजय राम, विपिन राम, अजय राम, दिनेश राम, शिवम कुमार, प्रेमराज कुमार, कपिल राम, मनोहर राम और राहुल कुमार पर हमला करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि पूर्व के विवाद को लेकर ही इस घटना को अंजाम दिया गया. इलाज के बाद पीड़ित पक्ष ने रविवार दोपहर थाना में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
पुरानी रंजिश में मारपीट, पति-पत्नी समेत तीन घायल
बीते शनिवार देर शाम जिले के लछुआड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोसियों ने एक पति-पत्नी समेत तीन लोगों पर लोहे की रॉड और तेज धार हथियार से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया.
