जमुई. झाझा प्रखंड की कई पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) सुरेंद्र कुमार पाठक के खिलाफ आवेदन देकर जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है. पंचायत प्रतिनिधियों में पैरगाहा पंचायत मुखिया नरेश विश्वकर्मा, बाराकोल पंचायत मुखिया अतुल आनंद, चांय पंचायत मुखिया मुन्नी देवी, महापुर पंचायत मुखिया अंजना देवी, केशोपुर पंचायत मुखिया अनिता देवी, जामोखरैया पंचायत मुखिया विकास कुमार सिंह, बोड़वा पंचायत मुखिया अशोक यादव, खुरंडा पंचायत मुखिया मंजू देवी, कनौदी पंचायत मुखिया रूखसाना खातुन, बलियाडीह पंचायत मुखिया अंजम खातुन, हथिया पंचायत मुखिया गीता देवी, टेलवा पंचायत मुखिया इंदु भारती, कानन पंचायत मुखिया बुधन यादव, बाराकोला पंचायत मुखिया आयसा प्रवीण, करहरा पंचायत मुखिया सुभद्रा देवी सहित अन्य पंचायत मुखिया ने अपने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन में कहा है कि पीओ द्वारा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक सही ढंग से नहीं पहुंचाया जा रहा है, बल्कि योजना में अनियमितता और मनमानी की जा रही है. कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री खेत-तालाब योजना और मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के लिए किसानों से वसूली की जा रही है. तालाब योजना में 5,000 रुपये और मृदा परीक्षण योजना में 500 रुपये तक लिए इनके द्वारा लिया जाता है. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इसे लेकर हमने कई बार उन्हें आगाह किया लेकिन उनके कार्यकलाप में सुधार नहीं हो रहा है. उनके कार्यकलाप से किसानों और आम जनता में आक्रोश व्याप्त है, सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहा है. पंचायत प्रतिनिधियों ने जिला पदाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि हमारी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए पीओ सुरेंद्र कुमार पाठक की कार्यकलाप की जांच कर उचित कार्रवाई किया जाये. ताकि योजनाओं का लाभ गरीब और पात्र लाभुकों तक सही तरीके से पहुंच सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
