मथुरापुर स्टेशन पर नौ घंटे का ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द तो कई घंटों लेट

आसनसोल मंडल अंतर्गत जसीडीह-सीतारामपुर रेलखंड के मथुरापुर स्टेशन पर रेलवे के आधुनिकीकरण कार्य को लेकर रविवार को नौ घंटे का ट्रैफिक व पावर ब्लॉक लिया गया.

जसीडीह-सीतारामपुर रेलखंड पर आधुनिकीकरण कार्य से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

झाझा. आसनसोल मंडल अंतर्गत जसीडीह-सीतारामपुर रेलखंड के मथुरापुर स्टेशन पर रेलवे के आधुनिकीकरण कार्य को लेकर रविवार को आठ घंटे का ट्रैफिक व पावर ब्लॉक लिया गया. सुबह छह बजे से दोपहर तीन बजे तक लगे ब्लॉक के कारण अप व डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा. कई रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया, जबकि कई ट्रेनें घंटों की देरी से झाझा स्टेशन पहुंचीं. इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

आसनसोल मंडल के सूचना पदाधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि मथुरापुर स्टेशन पर प्री नॉन-इंटरलॉकिंग व नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण ट्रैफिक व पावर ब्लॉक लिया गया है. इसकी सूचना पूर्व में संबंधित स्टेशन प्रबंधकों को दे दी गयी थी. उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 63565/63566 जसीडीह-झाझा-जसीडीह मेमू पैसेंजर व गाड़ी संख्या 63298 झाझा-देवघर मेमू पैसेंजर को रद्द रखा गया.

आसनसोल तक सीमित रही मेमू सेवा : रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 63509 वर्द्धमान-झाझा मेमू पैसेंजर व 63510 झाझा-वर्द्धमान मेमू पैसेंजर को रविवार के साथ 14 से 17 मई तक आसनसोल स्टेशन तक ही संचालित किया जायेगा. दोनों ट्रेनें आसनसोल और झाझा स्टेशन के बीच रद्द रहेंगी.

कई एक्सप्रेस ट्रेनें पुनर्निर्धारित :

ब्लॉक के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया. हावड़ा-देहरादून कुंभा एक्सप्रेस, कोलकाता-दरभंगा मैथिली एक्सप्रेस, हावड़ा-दरभंगा साप्ताहिक एक्सप्रेस, प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सुपरफास्ट एक्सप्रेस, एर्नाकुलम-पटना सुपरफास्ट, रक्सौल-हावड़ा एक्सप्रेस, दरभंगा-चारलापल्ली एक्सप्रेस, रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस, धनबाद-पटना इंटरसिटी, पूर्वा एक्सप्रेस, गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस व हावड़ा-पटना सुपरफास्ट विशेष समेत कई ट्रेनें एक घंटे से लेकर आठ घंटे तक विलंब से चलाई गयीं.

झाझा स्टेशन प्रबंधक रविकांत माथुरी ने बताया कि पूर्व निर्धारित तकनीकी कार्य के कारण कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है, जबकि कई रेलगाड़ियां घंटों की देरी से झाझा पहुंच रही हैं. रेलवे यात्रियों की सुविधा को देखते हुए परिचालन को सामान्य करने में जुटा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >