बरहट.
बरियारपुर पंचायत के देवाचक गांव में श्रीश्री 108 हनुमत प्राण प्रतिष्ठा सह नौ दिवसीय सीताराम महायज्ञ के शुभारंभ पर गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी. शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों, घोड़ा एवं रथ के साथ भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और बजरंगबली की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया. कलशयात्रा में यजमान के रूप में अजित यादव की धर्मपत्नी रूबी देवी शामिल हुईं. उनके साथ 751 कुंवारी कन्याओं व महिला श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया. यात्रा बजरंगबली मंदिर स्थित यज्ञ स्थल से निकलकर बरियारपुर, मलयपुर बस्ती और कदम घाट गांव का भ्रमण करते हुए पतनेश्वर धाम मंदिर स्थित किऊल नदी घाट पहुंची. यहां अयोध्या से पधारे पंडित सौदागर शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर कलशों में जल भरवाया. इसके बाद श्रद्धालु जय श्रीराम, जय माता दी और जय हनुमान के जयकारे लगाते हुए पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे जहां विधि-विधान से कलश स्थापना, पूजन और हवन के साथ नौ दिवसीय महायज्ञ की शुरुआत हुई.यज्ञ की विशेषता यह है कि परिसर में 51 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय युवाओं द्वारा पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं.काशी और अयोध्या धाम से पहुंचे 11 विद्वान पंडित
यज्ञ समिति के अध्यक्ष बलराम यादव ने बताया कि महायज्ञ को संपन्न कराने के लिए काशी और अयोध्या धाम से 11 विद्वान पंडित पहुंचे हैं, जो पूरे विधि-विधान से अनुष्ठान कराएंगे. नौ दिनों तक अखंड रामधुन का आयोजन भी किया जाएगा.उन्होंने बताया कि 8 मई को वेदी पूजन एवं हनुमानजी की कर्मकुटी 9 मई को कर्मकुटी एवं अधिवास कार्यक्रम आयोजित होंगे. वहीं 12 मई को प्रातः वेदी पूजन और महाठमान तथा संध्या में नगर भ्रमण का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद व्यास पूजन, हनुमत प्राण प्रतिष्ठा, महाआरती महाभोग एवं सार्वजनिक पूजन संपन्न होगा.यज्ञ के दौरान प्रतिदिन भजन-कीर्तन, प्रवचन, रासलीला और जागरण जैसे धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. श्रद्धालुओं को भगवान के विभिन्न स्वरूपों एवं लीलाओं की झांकियों का भी दर्शन कराया जाएगा. समापन के अंतिम दिन विशाल भंडारे का आयोजन होगा.
मेले में उमड़े श्रद्धालु
देवाचक गांव में पहली बार इतने भव्य स्तर पर महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है. यज्ञ स्थल के समीप पूजा समिति की ओर से मेले का भी आयोजन किया गया है. मेले में तारा माची, ब्रेक डांस, झूला, कटघोड़ा, खेल-खिलौने और मिठाइयों की दुकानें श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं.यज्ञ को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए पूजा समिति में पंचायत समिति सदस्य निरंजन यादव, कोषाध्यक्ष कांग्रेस यादव, त्रिवेणी यादव, रामाशीष पांडेय, विकास कुमार, राकेश कुमार और देवेंद्र यादव सहित कई लोग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.महायज्ञ को लेकर आसपास के गांवों में भी भक्तिमय माहौल बना हुआ है. कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली.
