आधी रात को गूंजा हैप्पी न्यू ईयर, शहर से गांव तक उमंग का माहौलजमुई. बुधवार की शाम वर्ष 2025 की अंतिम संध्या के रूप में यादगार बन गयी. जैसे-जैसे घड़ी की सुई आधी रात के करीब बढ़ती गयी, वैसे-वैसे लोगों में नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर उत्साह और उमंग चरम पर पहुंचता गया. शहर से लेकर गांव तक जश्न का माहौल बना रहा.
नये साल के स्वागत को लेकर जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण इलाकों में तैयारियां पूरी कर ली गयी थीं. शहर के प्रमुख होटल, पिकनिक स्पॉट और रेस्तरां सज-धज कर तैयार नजर आये. कहीं लजीज व्यंजनों की खुशबू थी, तो कहीं डीजे की धुन पर थिरकने की तैयारी. युवाओं की मस्ती ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया. रात 12 बजते ही चारों ओर आतिशबाजी की गूंज सुनाई दी. हैप्पी न्यू ईयर और नववर्ष मंगलमय हो के नारों के साथ लोगों ने एक-दूसरे को बधाइयां दीं. खासकर युवा वर्ग सड़कों, चौक-चौराहों पर निकलकर आतिशबाजी करते और खुशी साझा करते नजर आये. हर आयु वर्ग में नववर्ष के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा गया. इधर, नववर्ष को लेकर शहर के मंदिरों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया. दिन भर सजावट और साफ-सफाई का काम चलता रहा. विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से भी अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया.हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर
नववर्ष के जश्न को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. किऊल नदी तट पर स्थित पिकनिक स्पॉट, शहर के होटल और प्रमुख स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गयी है. प्रशासन की ओर से साफ संदेश दिया गया कि मस्ती के नाम पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. अश्लील गीतों पर पाबंदी लगाई गयी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है.पिकनिक स्पॉट और होटलों में बढ़ी चहल-पहल
कड़ाके की ठंड के बावजूद नववर्ष के स्वागत में शहर पूरी तरह तैयार दिखा. युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह रहा. पिकनिक स्पॉट, होटल और रेस्तरां में भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गयीं. गली-मोहल्लों से लेकर बड़े प्रतिष्ठानों तक जश्न का माहौल बना रहा.ऑनलाइन ई-ग्रीटिंग्स का बढ़ा चलन
डिजिटल युग में पारंपरिक ग्रीटिंग कार्ड की मांग कम होती दिखी. इस बार ई-ग्रीटिंग्स का क्रेज ज्यादा रहा. युवा वर्ग व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपनों को नववर्ष की शुभकामनाएं भेजता नजर आया. त्वरित रिस्पांस मिलने से लोग खासे उत्साहित दिखे. नववर्ष को लेकर बाजारों में रौनक बनी रही. बुधवार की शाम गिफ्ट दुकान पर बच्चों और युवाओं की भीड़ देखने को मिली. टेडी बियर, आई लव यू लिखे मोमेंटो, गुलाब और गुलदस्तों की मांग अधिक रही. युवतियों के लिए पर्स और छोटे-छोटे आकर्षक उपहारों की भी अच्छी बिक्री हुई. खासकर गुलाब के फूलों और सजे हुए गुलदस्तों की मांग बाजार में सबसे ज्यादा रही. कुल मिलाकर, उत्साह, उमंग और उम्मीदों के साथ जमुई ने नववर्ष 2026 का गर्मजोशी से स्वागत किया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
