Munger University: राजकीय डिग्री महाविद्यालय इस्लामनगर अलीगंज, जमुई के प्राचार्य डॉ. गौरी शंकर पासवान ने बताया कि च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (CBCS) के अंतर्गत 4 वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम सत्र 2026-30 के सेमेस्टर-1 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. विश्वविद्यालय द्वारा जारी तीसरी मेधा सूची के आधार पर चयनित छात्र-छात्राएं 8 जुलाई 2026 (बुधवार) से 11 जुलाई 2026 (शनिवार) तक अपना नामांकन सुनिश्चित करा सकते हैं.
अलीगंज के बजाय सीधे मिर्जागंज परिसर आने की अपील
प्राचार्य डॉ. पासवान ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए विशेष अपील की है कि वे बिना किसी भ्रम या संकोच के इस्लामनगर, अलीगंज जाने के बजाय सीधे प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय मिर्जागंज स्थित कॉलेज परिसर पहुंचें. वर्तमान में महाविद्यालय का सफल संचालन इसी मिर्जागंज परिसर से किया जा रहा है. छात्र यहीं आकर अपने सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन (Physical Verification) कराएं.
सीएलसी न होने पर भी मिलेगा औपबंधिक नामांकन
महाविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए बताया कि यदि किसी छात्र के पास वर्तमान में कॉलेज लीविंग सर्टिफिकेट (CLC) उपलब्ध नहीं है, तो भी उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है. विश्वविद्यालय के नियमानुसार सीएलसी की अनुपलब्धता में छात्रों को 'औपबंधिक नामांकन' (Provisional Admission) की अनुमति दी गई है. हालांकि, ऐसे छात्रों को आगे चलकर रजिस्ट्रेशन (पंजीकरण) के समय सीएलसी की मूल प्रति अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी.
अन्य बोर्ड के छात्रों के लिए माइग्रेशन जरूरी
प्रबंधन के अनुसार, बिहार बोर्ड के अतिरिक्त अन्य किसी भी बोर्ड या विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण होकर आने वाले छात्र-छात्राओं को नामांकन के वक्त अपने माइग्रेशन सर्टिफिकेट (Migration Certificate) की मूल प्रति जमा करना अनिवार्य होगा. इसके साथ ही, जिन आरक्षित या विशेष श्रेणी के छात्रों का नामांकन शुल्क शून्य (Zero Fee) है, वे ऑनलाइन पोर्टल से अपनी शून्य भुगतान वाली रसीद डाउनलोड कर कॉलेज में अवश्य जमा करा दें.
Munger University: अब तक कुल 31 विद्यार्थियों ने लिया एडमिशन
कॉलेज में चल रहे नामांकन के आंकड़ों की जानकारी देते हुए डॉ. पासवान ने बताया कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय में प्रथम मेधा सूची के तहत अब तक 27 छात्र-छात्राओं ने अपना दाखिला कराया था. वहीं, दूसरी मेधा सूची के अंतर्गत 4 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया. इस प्रकार कॉलेज में अब तक कुल 31 छात्र-छात्राओं का नामांकन सफलतापूर्वक हो चुका है और शेष बची सीटों पर तीसरी सूची के तहत 11 जुलाई तक दाखिले की प्रक्रिया जारी रहेगी.
Also Read: बिहार के 24 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी तेज बारिश, 50 KMPH की रफ्तार से हवा चलने की संभावना
