महीनों बाद गुम हुआ मिला मोबाइल, खिले लोगों के चेहरे

ऑपरेशन मुस्कान अभियान चकाई में लोगों के लिए राहत और खुशी का कारण बन रहा है.

चकाई. ऑपरेशन मुस्कान अभियान चकाई में लोगों के लिए राहत और खुशी का कारण बन रहा है. इस अभियान के तहत चकाई पुलिस लगातार खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप रही है. रविवार को चकाई थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2023 में गुम हुए तीन मोबाइल सहित कुल पांच मोबाइल बरामद कर उनके धारकों को लौटाया गया. मोबाइल प्राप्त करने वालों में कटियामो गांव निवासी विभीषण राय, चकाई बाजार के मेडिकल संचालक बिंदु कुमार शाह, वनरक्षक सुधीर कुमार, पकरी गांव निवासी नूर मोहम्मद तथा चकाई डाकघर में कार्यरत लक्ष्मीपुर निवासी करीना कुमारी शामिल हैं. थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि ये सभी मोबाइल वर्ष 2023 में अलग-अलग स्थानों पर गुम या चोरी हो गए थे. विभीषण राय का मोबाइल मुगलसराय रेलवे स्टेशन, बिंदु शाह व सुधीर कुमार का मोबाइल चकाई बाजार, नूर मोहम्मद का मोबाइल आसनसोल तथा करीना कुमारी का मोबाइल चकाई से लक्ष्मीपुर जाने के दौरान खो गया था. चकाई पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार प्रयास के बाद इन मोबाइलों को बरामद किया और कड़ी मशक्कत के बाद उनके मालिकों को सुपुर्द किया. मोबाइल वापस मिलने पर लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे. उन्होंने चकाई पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय बीत जाने के बाद उन्हें मोबाइल मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन पुलिस के प्रयास से यह संभव हो सका. इस मौके पर प्रशिक्षु अवर निरीक्षक मंटू कुमार, सीसीटीएनएस प्रभारी सुनील कुमार चौधरी भी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >