एनपीए खाताधारकों को नोटिस भेजें बैंक प्रबंधक : जिला जज

आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शुक्रवार को जिले के सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की गई.

जमुई. आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में शुक्रवार को जिले के सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रबंधकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार संदीप सिंह ने की. बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राकेश रंजन ने संयोजन की भूमिका निभाई, जबकि परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश विकास कुमार भी उपस्थित रहे. जिला जज ने बैंक प्रबंधकों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने बैंक के एनपीए खातों से जुड़े ऋणियों को समय पर नोटिस भेजें तथा उन्हें लोक अदालत के माध्यम से लंबित ऋण मामलों के निष्पादन के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि लोक अदालत आपसी सहमति से विवादों के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है, जिससे बैंक और आम लोगों दोनों को राहत मिलती है. बैठक में बैंक अधिकारियों को लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए शाखाओं के बाहर बैनर-पोस्टर लगाने, हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा फील्ड ऑफिसरों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया. साथ ही लोन सेटलमेंट के दौरान पात्र पक्षकारों को अधिकतम राहत देने पर भी बल दिया गया ताकि आम जनमानस को वास्तविक लाभ मिल सके. बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक लक्ष्मी एक्का सहित भारतीय स्टेट बैंक, बिहार ग्रामीण बैंक, यूनियन बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ इंडिया एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने सभी बैंक अधिकारियों से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >