खैरा के गरही थाना क्षेत्र के बजराही गांव के समीप स्टेट हाईवे पर रविवार को अचानक एक पुराना आम का पेड़ टेंपो पर गिर गया. हादसे में टेंपो चालक समेत तीन लोग घायल हो गए. पेड़ गिरने के बाद चालक करीब एक घंटे तक टेंपो के अंदर फंसा रहा. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया.
चालक समेत दो यात्री थे सवार
बताया जाता है कि हादसे के समय टेंपो में चालक धर्मेंद्र यादव के अलावा दो यात्री सवार थे. अचानक पेड़ गिरने से पीछे बैठे दोनों यात्री घायल हो गए. दोनों को तत्काल टेंपो से बाहर निकाल लिया गया. वहीं चालक धर्मेंद्र यादव पेड़ के नीचे टेंपो में बुरी तरह फंस गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पलटा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. चालक को बाहर निकालने के लिए तीन जेसीबी और आरा मशीन की मदद ली गयी.
आरा मशीन से काटा पेड़, जेसीबी से हटाया टेंपो
चालक को निकालने के लिए पहले आरा मशीन की मदद से पेड़ की डालियों और तने को काटकर रास्ता बनाया गया. इसके बाद जेसीबी की सहायता से टेंपो को हटाया गया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक धर्मेंद्र यादव को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
हादसे के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. पेड़ गिरने के कारण कुछ समय के लिए स्टेट हाईवे पर आवागमन भी प्रभावित रहा. राहत-बचाव कार्य पूरा होने के बाद यातायात को सामान्य कराया गया.
तीनों घायलों को सदर अस्पताल भेजा
हादसे में घायल चालक धर्मेंद्र यादव समेत तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमुई भेजा गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
