जमुई से पंकज कुमार सिंह की रिपोर्ट
Lghtning Strike Girl Death: जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुरा गांव में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. हल्की बारिश के दौरान खेत की ओर जा रही 12 वर्षीय बालिका ज्योति कुमारी की वज्रपात की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र आपदा राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
खेत जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार रायपुरा गांव निवासी सनोज रावत की बड़ी पुत्री ज्योति कुमारी मंगलवार सुबह करीब छह बजे घर के समीप स्थित खेत की ओर गई थी. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज वज्रपात हुआ. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बालिका की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
गरीबी से जूझ रहे परिवार पर टूटा संकट
ग्रामीणों ने बताया कि सनोज रावत बेहद गरीब परिवार से हैं और मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं. परिवार में उनकी पांच बेटियां हैं. आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर है कि उनके पास अपना घर भी नहीं है. स्थानीय लोगों के सहयोग से कुछ समय पहले उन्हें पंचायत भवन में रहने की व्यवस्था कराई गई थी. ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सनोज रावत मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं, जिससे परिवार की जिम्मेदारी और अधिक कठिन हो गई है.
परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी ज्योति
ज्योति कुमारी परिवार की सबसे बड़ी संतान थी. वह अपनी मां सावित्री देवी का घर के कामों में हाथ बंटाती थी और अपनी छोटी बहनों की देखभाल भी करती थी. परिवार के लोग बताते हैं कि वह माता-पिता का विशेष ख्याल रखती थी. उसकी असामयिक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और गांव में मातमी माहौल बना हुआ है.
पुलिस ने शुरू की कानूनी प्रक्रिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी की गई. प्रशासनिक स्तर पर भी घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है.
ग्रामीणों ने की राहत सहायता की मांग
Lghtning Strike Girl Death: घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से शीघ्र आर्थिक सहायता, सरकारी मुआवजा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ राहत मिल सके.
ALSO READ: जमुई के बूथ पर ग्रामीणों ने सुनी पीएम मोदी की मन की बात, नालंदा से आत्मनिर्भर भारत तक का मिला संदेश
