दंपती पर जादू-टोना का आरोप लगा घर में घुसे दबंग, महिला को घसीटकर पीटा, बचाने आए पति का रॉड से फोड़ा सिर

जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र से अंधविश्वास और बर्बरता की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ रविदास टोला में एक दंपती को 'डायन' बताकर न केवल बेरहमी से पीटा गया, बल्कि महिला को जबरन मैला (कीचड़-गोबर) पिलाने का अमानवीय प्रयास भी किया गया. बीच-बचाव करने आए पति के सिर पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर उसे लहुलुहान कर दिया गया.

घटना बीते शुक्रवार की देर रात की है. इस वीभत्स मामले को लेकर पीड़िता ने लक्ष्मीपुर थाने में गांव के ही एक परिवार के चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है. लोहे की रॉड के प्रहार से गंभीर रूप से घायल पति वर्तमान में बेहोशी की हालत में स्थानीय रेफरल अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

"बेटे को बीमार करने का लगाया आरोप", खाना खाने के दौरान बोला हमला

थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, बबीता देवी और उनके पति सुधीर दास शुक्रवार की रात अपने परिवार के साथ घर के भीतर भोजन कर रहे थे. इसी दौरान पड़ोसी लक्ष्मण दास और संतोष दास अचानक लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से लैस होकर गाली-गलौज करते हुए उनके घर में घुस आए. आरोपियों ने चिल्लाते हुए बबीता देवी पर जादू-टोना (टोटका) करने और उसकी वजह से संतोष दास के बेटे को बीमार करने का बेबुनियाद आरोप मढ़ना शुरू कर दिया.

महिला को सड़क पर घसीटा, कीचड़ और गोबर पिलाने का किया कुत्सित प्रयास

पीड़िता ने आवेदन में अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि आरोपी संतोष दास ने उसे बाल पकड़कर घर से बाहर घसीटा और बीच सड़क पर ले जाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसके कपड़े तक अस्त-व्यस्त हो गए. शर्मनाक बात यह रही कि इसी बीच संतोष दास की पत्नी निशा कुमारी और उसकी मां अनारवा देवी भी वहां पहुंच गईं. दोनों महिलाओं ने मिलकर पीड़िता को जमीन पर दबोचा और जबरन नाली का गंदा कीचड़ व गोबर का घोल उसके मुंह में डालने (पिलाने) का अमानवीय प्रयास किया.

बचाने पहुंचे पति को सड़क पर पटका, लोहे की रॉड से किया जानलेवा वार

जब पत्नी की चीख-पुकार सुनकर पति सुधीर दास उसे बचाने के लिए दौड़े, तो चारों आरोपियों ने उन पर भी धावा बोल दिया. आवेदन के मुताबिक:

  • सड़क पर पटका: संतोष और लक्ष्मण दास ने सुधीर दास को बीच सड़क पर पटक दिया.
  • रॉड से हमला: हत्या करने की नीयत से सुधीर के सिर पर लोहे की भारी रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिया गया. सिर फट जाने और अत्यधिक खून बहने के कारण सुधीर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े.

आरोपियों के भागने के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आनन-फानन में घायल सुधीर दास को लक्ष्मीपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.

खौफ के कारण रात में थाना नहीं पहुंच सकी पीड़िता, चार पर FIR

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वारदात आधी रात के वक्त हुई थी और घटना के बाद सभी आरोपी लाठी-डंडे लहराते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे थे. खौफ और दहशत के माहौल के कारण वह रात में घर से बाहर नहीं निकल सकी और सुबह होने पर हिम्मत जुटाकर थाने पहुंची.

लक्ष्मीपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदन के आधार पर निम्नलिखित चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है:

  1. लक्ष्मण दास
  2. संतोष दास
  3. निशा कुमारी
  4. अनारवा देवी

अंधविश्वास के नाम पर कानून हाथ में लेने और महिला के साथ अमानवीय व्यवहार करने का यह बेहद गंभीर मामला है. पुलिस ने सुसंगत धाराओं और 'बिहार डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम' के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. घटनास्थल का मुआयना किया गया है. सभी नामजद आरोपी घर छोड़कर फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

इस अमानवीय घटना के बाद से रविदास टोला में तनाव का माहौल है, वहीं प्रबुद्ध नागरिकों ने समाज में व्याप्त ऐसी कुप्रथाओं और अंधविश्वास के खिलाफ सख्त कानूनी संदेश देने की मांग जिला प्रशासन से की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Nityanand Singh

Published by: Divyanshu Prashant

नित्यानंद सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. लक्ष्मीपुर (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >