सिमुलतला में विदेशी शराब की बड़ी खेप जब्त

देवघर से पटना ले जायी जा रही विदेशी शराब की एक बड़ी खेप को सोमवार को थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने वाहन जांच के दौरान जब्त किया है.

सिमुलतला . देवघर से पटना ले जायी जा रही विदेशी शराब की एक बड़ी खेप को सोमवार को थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने वाहन जांच के दौरान जब्त किया है. यह कार्रवाई थाना गेट के समीप की गयी, जहां एक सफेद रंग की कार से कुल 669 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर की ओर से एक सफेद कार में विदेशी शराब लायी जा रही है. सूचना के आधार पर थाना गेट के समीप वाहन जांच शुरू की गयी. इसी दौरान पुलिस को देखते ही कार चालक पीछे की ओर वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस द्वारा पीछा करने पर चालक वाहन छोड़कर फरार होने लगा, लेकिन खदेड़कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान कार से रॉयल स्टेक ब्रांड की 555 लीटर तथा ब्लेंडर ब्रांड की 114 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. गिरफ्तार चालक की पहचान पटना जिले के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलकनगर कंकड़बाग निवासी विजय प्रसाद के पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, ताज्जुब की बात यह है कि कार में लगे नंबर प्लेट के अलावा बिहार के दो अलग-अलग जिलों के दो अन्य नंबर प्लेट भी बरामद किये गये हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है. कागजी प्रक्रिया पूरी कर मंगलवार की सुबह गिरफ्तार चालक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जायेगा. पुलिस शराब तस्करी से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >