माणिकथान-बखोरी सड़क से विद्यालय प्रभारी का अपहरण, रसोइया को मारपीट कर छोड़ा

बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय पंडरिया के प्रभारी शिक्षक कालेश्वर दास का गुरुवार अपराह्न अपराधियों ने अपहरण कर लिया.

झाझा. बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय पंडरिया के प्रभारी शिक्षक कालेश्वर दास का गुरुवार अपराह्न अपराधियों ने अपहरण कर लिया. घटना माणिकथान बखोरी-भदवरिया मुख्य सड़क पर हुई. अपराधियों ने शिक्षक के साथ मौजूद विद्यालय की रसोइया रेणु देवी को कुछ दूर ले जाने के बाद मारपीट कर छोड़ दिया, जबकि शिक्षक को अपने साथ लेकर फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. सूचना पर चांदन थाना के थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार सहित डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन अज्ञात अपराधियों ने शिक्षक कालेश्वर दास व रसोइया रेणु देवी को जबरन अपने साथ ले गये. कुछ दूरी पर ले जाने के बाद अपराधियों ने महिला के साथ मारपीट की और उसे छोड़ दिया, जबकि शिक्षक को अपने साथ लेकर फरार हो गये. घटनास्थल के पास ही शिक्षक की हीरो पैशन प्रो बाइक (संख्या जेएच-15 के-7666) सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद हुई है. पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. बताया जाता है कि अपहृत शिक्षक कालेश्वर दास सिमुलतला प्रखंड के हरना गांव के मूल निवासी हैं और वह देवघर में रहते हैं. वे प्रतिदिन ट्रेन से देवघर से नरगंजो स्टेशन तक आते थे और वहां से बाइक से विद्यालय पहुंचते थे. इस संबंध में एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि शिक्षक के अपहरण की सूचना मिली है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. बांका जिला पुलिस के साथ समन्वय बनाकर अपराधियों की गिरफ्तारी और शिक्षक की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >