जेंडर परिवर्तन के बाद विवाह पर बोले राज- यह मेरा निजी फैसला, किसी को हस्तक्षेप का अधिकार नहीं
जमुई से प्रतिनिधि की रिपोर्ट:
Jamui Viral Marriage Case: जेंडर परिवर्तन के बाद बीपीएससी शिक्षिका नयनशी कुमारी से विवाह करने वाले राज (पूर्व नाम राखी) ने शादी के चार दिन बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है. हाल के दिनों में विवाह को लेकर सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर चल रही चर्चाओं के बीच राज ने कहा कि जेंडर परिवर्तन का निर्णय पूरी तरह उनका व्यक्तिगत फैसला था और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका नहीं रही.
वीडियो संदेश में राज ने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा और समझ के अनुसार जेंडर परिवर्तन की प्रक्रिया अपनाई. इसके लिए होने वाला पूरा खर्च उन्होंने स्वयं वहन किया. उन्होंने दावा किया कि वर्षों की मेहनत और विभिन्न कार्यों से अर्जित आय के आधार पर ही यह प्रक्रिया पूरी की गई. परिवार या उनकी पत्नी द्वारा किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं दी गई.
बिना पक्ष जाने बनाई जा रही धारणा : राज
राज ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया के कुछ मंचों पर अधूरी जानकारी के आधार पर उनकी और उनकी पत्नी की छवि को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनका पक्ष जाने बिना कई तरह की बातें कही जा रही हैं. साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनकी मां के बयान को संदर्भ से अलग करके प्रस्तुत किया गया, जिससे समाज में गलत संदेश गया.
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उनकी पत्नी को ट्रोल करना बंद किया जाए और उनकी निजी जिंदगी का सम्मान किया जाए. राज ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी पसंद और समझ के अनुसार जीवन जीने का अधिकार है.
फेसबुक पोस्ट के जरिए नयनशी ने भी दिया जवाब
राज का वीडियो सामने आने के कुछ समय बाद उनकी पत्नी नयनशी कुमारी ने भी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से अपना पक्ष रखा. उन्होंने लिखा कि लोगों को किसी के निजी फैसले पर टिप्पणी करने से पहले पूरी सच्चाई जानने का प्रयास करना चाहिए.
नयनशी ने उन दावों को खारिज किया, जिनमें दोनों परिवारों के बीच रिश्तेदारी होने की बात कही जा रही थी. उन्होंने कहा कि उनके परिवार और राज के परिवार के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं रहा है. किसी गांव या क्षेत्र विशेष से जुड़े होने मात्र से रिश्तेदारी स्थापित नहीं हो जाती.
शादी सिर्फ शारीरिक संबंध नहीं, विश्वास का रिश्ता : नयनशी
अपने पोस्ट में नयनशी ने लिखा कि विवाह उनके लिए केवल शारीरिक संबंध का विषय नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सम्मान, सहयोग और जीवनभर साथ निभाने का संबंध है. उन्होंने कहा कि किसी भी रिश्ते की वास्तविक नींव प्रेम, भरोसा और भावनात्मक जुड़ाव होता है.
पहचान सामने आने के बाद अलग होने की कोशिश की थी
नयनशी ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि जब दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ था, तब उन्हें राज की पूर्व पहचान की जानकारी नहीं थी. बाद में जब उन्हें वास्तविक स्थिति का पता चला तो दोनों ने अलग होने की कोशिश भी की. हालांकि परिस्थितियां ऐसी रहीं कि वे एक-दूसरे से दूर नहीं रह सके.
उन्होंने कहा कि साथ रहने का निर्णय लेने के बाद सामाजिक स्वीकृति और सम्मानजनक जीवन को ध्यान में रखते हुए दोनों ने विवाह का रास्ता चुना. उनके अनुसार राज ने इस रिश्ते को निभाने के लिए कई चुनौतियों और संघर्षों का सामना किया, जिसके बाद उन्होंने भी उनका साथ देने का निर्णय लिया.
निजी जीवन के सम्मान की अपील
अपने संदेश के अंत में नयनशी ने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी कहानी, संघर्ष और जीवन के फैसले होते हैं. बिना पूरी जानकारी के किसी के निजी रिश्तों और जीवन पर टिप्पणी करना उचित नहीं है. उन्होंने लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार देने की अपील की.
