दिव्यांगजनों के लिए खुशखबरी, अब ब्लॉक स्तर पर मिलेगी UDID कार्ड की सुविधा

Jamui UDID Camp: अब दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य जांच और आवेदन प्रक्रिया के लिए सदर अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इसके लिए 10 जून से 20 जून 2026 तक जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे.

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट:

Jamui UDID Camp: दिव्यांगजनों को यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड बनवाने में हो रही परेशानियों को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है. अब दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य जांच और आवेदन प्रक्रिया के लिए सदर अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इसके लिए 10 जून से 20 जून 2026 तक जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे.

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश पर यह व्यवस्था की गई है. UDID कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी गति से चल रही थी. वहीं, दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य जांच के लिए सदर अस्पताल पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.

प्रखंड स्तर पर होगी स्वास्थ्य जांच

विशेष शिविरों में सिविल सर्जन द्वारा नामित चिकित्सक दिव्यांगजनों की स्वास्थ्य जांच करेंगे. जांच के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर UDID कार्ड बनाने की कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को इस सुविधा का लाभ उपलब्ध कराना है.

प्रखंडवार शिविर की तिथि

  • 10 जून – प्रखंड कार्यालय, जमुई
  • 11 जून – प्रखंड कार्यालय, बरहट
  • 12 जून – प्रखंड कार्यालय, लक्ष्मीपुर
  • 13 जून – प्रखंड कार्यालय, गिद्धौर
  • 15 जून – प्रखंड कार्यालय, झाझा
  • 16 जून – प्रखंड कार्यालय, सोनो
  • 17 जून – प्रखंड कार्यालय, चकाई
  • 18 जून – प्रखंड कार्यालय, खैरा
  • 19 जून – प्रखंड कार्यालय, सिकंदरा
  • 20 जून – प्रखंड कार्यालय, ई. अलीगंज

ये दस्तावेज साथ लाना होगा जरूरी

शिविर में आने वाले दिव्यांगजन अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो), ब्लड ग्रुप की जानकारी, आवासीय प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र तथा सक्रिय मोबाइल नंबर अवश्य लेकर आएं.

सुबह 10 बजे से शुरू होगा शिविर

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि शिविर स्थल पर चिकित्सक सुबह 10 बजे से उपस्थित रहेंगे. स्वास्थ्य जांच और रिपोर्ट के आधार पर ही UDID कार्ड जारी किए जाएंगे.

जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल UDID कार्ड निर्माण प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि दिव्यांगजनों को अनावश्यक आर्थिक बोझ और यात्रा संबंधी परेशानियों से भी राहत मिलेगी. प्रशासन ने सभी दिव्यांगजनों से निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है.

क्या है UDID कार्ड?

UDID (Unique Disability ID) कार्ड केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है. इसके तहत दिव्यांगजनों को एक विशिष्ट पहचान संख्या प्रदान की जाती है. इस कार्ड के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और लाभों का आसानी से लाभ लिया जा सकता है. साथ ही बार-बार अलग-अलग प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने की आवश्यकता भी समाप्त हो जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >