Jamui News: जमुई के सिमुलतला स्थित स्वामी विवेकानंद नर्सिंग स्कूल एवं केएसएस कॉलेज में रविवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जीएनएम प्रथम एवं द्वितीय वर्ष तथा बीएससी नर्सिंग अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने मानव सेवा, मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और अपने पेशे के प्रति निष्ठा व ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया. समारोह में मुख्य अतिथि जमुई सांसद अरुण भारती ने कहा कि नर्सिंग शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की सेवा का सबसे प्रभावी जरिया है.
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और फीता काटकर की गई. संस्थान पहुंचने पर निदेशक प्रमुख डॉ. यू.पी. गुप्ता और निदेशक रितेश गुप्ता ने सांसद का स्वागत किया.
सेवा का संकल्प ही नर्सिंग पेशे की सबसे बड़ी पहचान
शपथ ग्रहण समारोह में नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने रोगियों की सेवा, मानवता, अनुशासन और पेशेवर नैतिकता का पालन करने की शपथ ली. कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया.
निदेशक प्रमुख डॉ. यू.पी. गुप्ता ने कहा कि शपथ केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदारी, सेवा और समर्पण का संकल्प है. उन्होंने विद्यार्थियों से मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया.
नियमित अध्ययन और व्यवहारिक प्रशिक्षण पर दिया जोर
निदेशक रितेश गुप्ता ने कहा कि नर्सिंग पेशा मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, व्यवहारिक प्रशिक्षण और अनुशासन का पालन करते हुए बेहतर स्वास्थ्यकर्मी बनने का आग्रह किया.
Jamui News: सांसद अरुण भारती ने संस्थान की सराहना की
मुख्य अतिथि सांसद अरुण भारती ने कहा कि नर्सिंग संस्थान समाज को प्रशिक्षित और कुशल स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थी अस्पतालों में मरीजों की बेहतर देखभाल कर समाज की सेवा करेंगे. इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए निदेशक प्रमुख डॉ. यू.पी. गुप्ता और निदेशक रितेश गुप्ता को बधाई दी.
सांसद के सामने उठीं रेलवे, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़ी मांगें
कार्यक्रम के दौरान सिमुलतला सिविल सोसायटी ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर सिमुलतला रेलवे स्टेशन पर अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग की. वहीं संस्थान की ओर से रेलवे फाटक संख्या स्पेशल-36 पर ओवरब्रिज निर्माण, आदिवासी आवासीय विद्यालय की स्थापना तथा सिमुलतला को प्रखंड और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का आग्रह किया गया.
सांसद ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया. उन्होंने यह भी कहा कि अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिमुलतला में चिकित्सकों की कमी का मुद्दा संबंधित विभाग के समक्ष उठाया जाएगा और क्षेत्र में 24 घंटे डॉक्टर एवं नर्स की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा.
कार्यक्रम में जिला परिषद प्रतिनिधि आलोक सिंह, पूर्व मुखिया बलदेव यादव, मुखिया प्रतिनिधि रामदेव यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
