झाझा, जमुई से ऋताम्बर सिंह की रिपोर्ट.
Jamui School Theft: झाझा प्रखंड स्थित बाराजोर मध्य विद्यालय में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. शुक्रवार सुबह जब विद्यालय के गार्ड ने स्कूल का ताला टूटा देखा तो तुरंत शिक्षकों को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही प्रधान शिक्षक राजकिशोर विद्यालय पहुंचे, जहां ऑफिस समेत तीन कमरों के ताले टूटे मिले और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
स्कूल के तीन कमरों को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार चोरों ने विद्यालय के तीन कमरों का ताला तोड़कर अंदर रखे सामान की चोरी की. ऑफिस की आलमारी भी तोड़ी गई, जिसमें रखी कॉपियां और अन्य जरूरी सामान गायब मिले. वहीं स्कूल के कमरों में रखी खेल सामग्री, संगीत उपकरण और साउंड बॉक्स भी चोरी कर लिए गए.
सुबह गार्ड ने देखी टूटी हुई ताले
घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ. विद्यालय के गार्ड ने सबसे पहले ताले टूटे देखे और तत्काल शिक्षकों को इसकी सूचना दी. इसके बाद प्रधान शिक्षक राजकिशोर मौके पर पहुंचे और चोरी की पुष्टि की. विद्यालय परिसर में कागजात और सामान बिखरा पड़ा था.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मुखिया प्रतिनिधि और ग्रामीणों को देने के बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम विद्यालय पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की.
10 हजार से अधिक की सामग्री चोरी
प्रधान शिक्षक राजकिशोर ने बताया कि चोरी में करीब 10 हजार रुपये से अधिक मूल्य की सामग्री गायब हुई है. उन्होंने थाना में आवेदन देकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है. चोरी की घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है.
ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल जैसे संस्थानों में चोरी की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.
पुलिस ने कही जांच जारी रहने की बात
थानाध्यक्ष एलबी सिंह ने बताया कि प्रधान शिक्षक के आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस हर पहलू से छानबीन कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है.
Also Read: आज सिंगापुर जायेंगे लालू प्रसाद, कोर्ट से मिला परमिशन, 2022 में हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट
