खैरा हाई स्कूल मैदान के विकास की उम्मीद बढ़ी, फुटबॉल टूर्नामेंट का मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया उद्घाटन

जमुई के खैरा में स्वतंत्रता दिवस पर फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ. खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने उद्घाटन कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. स्थानीय खेल मैदान के विकास की मांग पर मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए.

Jamui News: जमुई जिले के खैरा प्लस टू हाई स्कूल मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ. बिहार सरकार की खेल सह उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया. उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही. इस दौरान खैरा हाई स्कूल मैदान के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा गया, जिस पर उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

लछुआड़ और लक्ष्मीपुर बेला की टीमों के बीच हुआ मुकाबला

टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में लछुआड़ और लक्ष्मीपुर बेला की टीमों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया.

मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे क्षेत्र में खेल और देशभक्ति का माहौल बना दिया. स्थानीय युवाओं ने भी प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह दिखाया.

मैदान के विकास को लेकर मंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

कार्यक्रम के दौरान स्पोर्ट्स क्लब के मुख्य संरक्षक इंजीनियर शंभू शरण और अध्यक्ष दयानंद यादव उर्फ दरोगी यादव ने खैरा हाई स्कूल मैदान के विकास और सौंदर्यीकरण की मांग करते हुए मंत्री श्रेयसी सिंह को ज्ञापन सौंपा.

ज्ञापन में मैदान की चारदीवारी, समतलीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग प्रमुख रूप से रखी गई.

मंत्री ने अधिकारियों को दिए तत्काल निर्देश

ज्ञापन प्राप्त होने के बाद मंत्री श्रेयसी सिंह ने मैदान की स्थिति को गंभीरता से लिया और विकास कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया.

उन्होंने जमुई जिला खेल पदाधिकारी परिमल कुमार को मैदान की चारदीवारी निर्माण, समतलीकरण और अन्य आवश्यक विकास कार्यों की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया.

खिलाड़ियों में जगी नई उम्मीद

मंत्री के निर्देश के बाद स्थानीय खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में मैदान के विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि खैरा हाई स्कूल मैदान में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं का अभाव है. बारिश के मौसम में मैदान की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं के आयोजन में कठिनाई होती है.

Jamui News: खेल गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

यदि मैदान का समतलीकरण और चारदीवारी निर्माण होता है, तो खैरा क्षेत्र में फुटबॉल समेत अन्य खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

बेहतर खेल मैदान उपलब्ध होने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अधिक अवसर मिलेंगे, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिल सकता है.

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुरू हुआ यह फुटबॉल टूर्नामेंट अब स्थानीय युवाओं के लिए खेल के साथ-साथ बेहतर खेल अवसंरचना की उम्मीद भी लेकर आया है.

Also Read: 28 अगस्त की आधी रात से बंद होगा विक्रमशिला सेतु, 3 महीने ठप रहेगा परिचालन, 30 नवंबर से शुरू होगा स्थायी सफर

Also Read: बिहार के शिक्षा मंत्री बोले- पहले आएगा STET का रिजल्ट, TRE 4 भर्ती परीक्षा में STET पास कैंडिडेट ही बैठेंगे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गुलशन कश्यप

गुलशन कश्यप प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >