रास्ते के विवाद में हिंसक झड़प, एक ही परिवार के चार लोग घायल, एक सदर अस्पताल रेफर

जमुई जिले के गिद्धौर में रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौरा पंचायत के अल्पसंख्यक टोला वार्ड संख्या-6 में रास्ते को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. सोमवार को हुई मारपीट में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए. सभी घायलों को दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर में भर्ती कराया गया, जहां से एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया गया.

रास्ते के विवाद को लेकर हुआ हमला

पीड़िता सकीला खातून ने बताया कि घर के पास आने-जाने के रास्ते को लेकर गांव के ही मोहम्मद इरफान, इरबान, फुरकान और मोहम्मद इबरार के साथ विवाद चल रहा था. आरोप है कि इसी विवाद के दौरान सभी आरोपित उनके घर पहुंच गए और लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया.

चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर

हमले में अब्दुल अजीज अंसारी, सकीला खातून, सकीना खातून और सना खातून घायल हो गए. परिजनों ने सभी को तत्काल दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर पहुंचाया. ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अजिमा निशात ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अब्दुल अजीज अंसारी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पीड़ित पक्ष ने गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

थानाध्यक्ष ने कही यह बात

गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जाएगी. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

कुमार सौरभ प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गिद्धौर (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >