जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट.
Jamui Civic Election: जिले के तीनों नगर निकायों में शुक्रवार को सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश के तहत जमुई नगर परिषद, झाझा नगर परिषद और सिकंदरा नगर पंचायत में समिति के सदस्यों का निर्वाचन कराया जाएगा. चुनाव प्रक्रिया को लेकर वार्ड पार्षदों के बीच दिनभर जोड़-तोड़ और रणनीति का दौर चलता रहा. प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान को लेकर तैयारी पूरी कर ली है.
तीन-तीन सदस्यों के चुनाव पर टिकी नजर
जानकारी के अनुसार प्रत्येक नगर निकाय में सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों का निर्वाचन होना है. चुनाव प्रक्रिया जमुई प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में संपन्न कराई जाएगी. इस चुनाव को नगर निकायों के विकास और वित्तीय फैसलों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.
वार्ड पार्षदों के बीच बढ़ी राजनीतिक सक्रियता
चुनाव को लेकर नगर निकायों की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है. वार्ड पार्षद अलग-अलग गुटों में बंटकर अपने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं. संभावित प्रत्याशी लगातार वार्ड पार्षदों से संपर्क साध रहे हैं और समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं.
देर शाम तक चलता रहा बैठकों का दौर
सूत्रों के मुताबिक देर शाम तक कई जगहों पर गुप्त बैठकों और राजनीतिक समीकरणों का दौर चलता रहा. समर्थक अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने में लगे रहे. चुनाव को लेकर अंदरखाने काफी हलचल देखी जा रही है.
प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर बढ़ाई सतर्कता
जिलाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार को निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं संबंधित बीडीओ और सीओ को सहायक निर्वाची पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है. प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
विकास योजनाओं से जुड़ा है चुनाव का महत्व
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सशक्त स्थायी समिति नगर निकायों में विकास योजनाओं और वित्तीय निर्णयों में अहम भूमिका निभाती है. यही वजह है कि इस चुनाव को भविष्य की स्थानीय राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है. अब सभी की नजर शुक्रवार को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हुई है.
Also Read: आज सिंगापुर जायेंगे लालू प्रसाद, कोर्ट से मिला परमिशन, 2022 में हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट
