जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट:
Jamui Child Burn Case: टाउन थाना क्षेत्र के लखापुर गांव में गर्म दूध में गिरने से एक पांच वर्षीय मासूम गंभीर रूप से झुलस गई. घायल बच्ची को परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है.
जानकारी के अनुसार, घायल बच्ची की पहचान लखापुर गांव निवासी विवेक कुमार सिंह की पांच वर्षीय पुत्री राधा कुमारी के रूप में हुई है. घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है.
परिजनों ने बताया कि घर में दूध गर्म कर रखा गया था. इसी दौरान राधा खेलते-खेलते वहां पहुंच गई और अचानक गर्म दूध से भरे बर्तन पर गिर गई. हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गई और दर्द से चीखने लगी.
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल उसे एक स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक के पास ले जाकर उपचार कराया, लेकिन उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर बुधवार सुबह सदर अस्पताल जमुई में भर्ती कराया गया.
सदर अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की हालत में सुधार बताया गया है. डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है.
