गायत्री परिवार ने लोगाें को संस्कारों की ओर लौटने का किया आह्वान

Jamui News: झाझा प्रखंड के बैजला पंचायत में आयोजित साप्ताहिक सेमिनार में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक मूल्यों को लेकर युवाओं और बच्चों को खास संदेश दिया गया. कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज तकनीक के दौर में इंसान संवेदनाओं से दूर होता जा रहा है और समाज को फिर से संस्कारों की ओर लौटने की जरूरत है.

झाझा, जमुई से ऋतांबर सिंह की रिपोर्ट :

बाल संस्कार शाला केंद्र मध्य विद्यालय में आदर्श युवा प्रकोष्ठ गायत्री परिवार द्वारा शनिवार देर शाम भव्य साप्ताहिक सेमिनार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. मंच संचालन नीतीश कुमार प्रिंस ने किया.

युवाओं में चरित्र निर्माण पर दिया गया बल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदर्श युवा प्रकोष्ठ प्रभारी आशीष कुमार ने कहा कि युवा प्रकोष्ठ का उद्देश्य हर बालक को चरित्रवान बनाना है. उन्होंने कहा कि संस्था कई वर्षों से बच्चों और युवाओं में नैतिक मूल्यों और संस्कारों को विकसित करने के लिए कार्य कर रही है.उन्होंने कहा कि आज लोग छोटी-छोटी बातों पर क्रोधित हो जाते हैं और दूसरों की सफलता से ईर्ष्या करने लगे हैं. सोशल मीडिया पर कटु भाषा का प्रयोग बढ़ता जा रहा है, क्योंकि लोगों के भीतर धैर्य और संवेदनशीलता कम हो रही है.

“इमारतें ऊंची हुईं, लेकिन दिल छोटे हो गए”

आशीष कुमार ने कहा कि आज एक ही घर में रहने वाले लोग आपस में कम बात करते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर घंटों समय बिताते हैं. उन्होंने कहा कि इंसान ने इमारतें तो बहुत ऊंची बना ली हैं, लेकिन अफसोस दिल छोटे होते जा रहे हैं. उनके विचारों को सुनकर मौजूद युवा और अभिभावक काफी प्रभावित नजर आए.

शिक्षा को बताया विकास की कुंजी

बैजला पंचायत के मुखिया प्रतीक शर्मा ने कहा कि शिक्षा जीवन में बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि पढ़ाई पूरी नहीं कर पाने के कारण उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.उन्होंने युवाओं और बच्चों से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि जब बच्चे और युवा शिक्षित होंगे, तभी पंचायत और समाज का विकास संभव होगा. उन्होंने युवा प्रकोष्ठ की इस पहल को सराहनीय बताया.

बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर

कार्यक्रम में मनीष कुमार ने कहा कि युवाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. मौके पर मुकेश कुमार यादव, राकेश कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >