नयागांव में अवैध बालू खनन जारी

कुंधुर पंचायत अंतर्गत नयागांव के कटहरा नदी से अवैध बालू खनन और तस्करी धड़ल्ले से इन दिनों जारी है.

गिद्धौर . कुंधुर पंचायत अंतर्गत नयागांव के कटहरा नदी से अवैध बालू खनन और तस्करी धड़ल्ले से इन दिनों जारी है, डीपीईपी प्राथमिक विद्यालय नयागांव बालू घाट से दिन के उजाले में ट्रैक्टरों द्वारा बालू उठाकर तस्कर खुलेआम परिवहन कर रहे हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि बालू तस्करी के ऐसे मामले पर पुलिस प्रशासन मामले से अनभिज्ञ हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि महीनों से यहां बालू का अवैध कारोबार जारी है. नयागांव, कुंधुर, रामाकुराव सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने बताया कि दिन भर आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर बालू लादकर सकरी गलियों से होकर रतनपुर गुगुलडीह बायपास सड़क तक फर्राटा भरते हैं. कई बार बालू लदे ट्रैक्टरों से बच्चे भी घायल हो चुके हैं. फिर भी कोई रोकथाम नहीं लग रही. ग्रामीणों का कहना है कि सभी बालू तस्कर स्थानीय हैं, जिससे लोग खुलकर विरोध भी नहीं कर पाते. प्रशासनिक उदासीनता से तस्करों के हौसले बुलंद हैं. क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रशासन से इस दिशा में कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

कहते हैं खनिज विकास पदाधिकारी

इस संदर्भ में खनिज विकास पदाधिकारी केशव कुमार पासवान का कहना है कि अवैध बालू उठाव गैरकानूनी है. मामले की जानकारी जुटाकर अभियान चलाकर इस दिशा में कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >