सिकंदरा. जमुई जिले के प्रसिद्ध मां नेतुला मंदिर कुमार धाम में आयोजित श्री श्री 1008 रूद्रचंडी महायज्ञ के अंतिम दिन नवदुर्गा, पंचमुखी हनुमान, शिव पार्वती परिवार प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा एवं मां नेतुला मंदिर के मुख्य शिखर पर स्वर्ण कलश को स्थापित किया गया. बता दें कि मां नेतुला मंदिर परिसर में नवनिर्मित शिव पार्वती मंदिर में शिव पार्वती परिवार के प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा किया गया. वहीं मां नेतुला मंदिर के उपरे तल पर नवदुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा के साथ मंदिर के मुख्य शिखर पर 7 किलो के स्वर्ण कलश स्थापित किया गया. इस भव्य कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर मां नेतुला एवं सीताराम के जयकारे लगाए. वही पंचमुखी हनुमान प्रतिमा का भी प्राण प्रतिष्ठा किया गया। महायज्ञ के अंतिम दिन कई जिले से महिला पुरुष श्रद्धालु आकर इस भव्य पूजा में शामिल हुए. दिनभर मां नेतुला मंदिर परिसर में आयोजित महायज्ञ के दौरान ब्राह्मणों के मंत्रोच्चारण से पूरा क्षेत्र गूंजयमान हो रहा था. इस दौरान काफी संख्या में आए हुए श्रद्धालुओं के द्वारा शिव पार्वती मंदिर एवं मां नेतुला मंदिर में पूजा अर्चना की गयी. महायज्ञ को लेकर रविवार कि रात्रि लोक गायक शिवेश मिश्रा सहित कई कलाकारों ने भक्ति गीत गाकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया. इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय विश्व विख्यात कथा प्रवाचिका परम पूज्य पंडित गौरांगी गौरी जी ने कथा सुना कर श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया. इस दौरान श्रद्धालु कथा में लीन होकर भगवान श्री राम के जीवन से आधारित प्रसंग को सुना. मंगलवार को हवन के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति की जाएगी. मंदिर कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हरदेव सिंह, सचिव कृष्णा सिंह ने बताया कि मां नेतुला मंदिर के मुख्य शिखर पर लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से सात किलो का स्वर्ण कलश को सोमवार को स्थापित किया गया. जिसको लेकर एक दिन पूर्व कुमार गांव में नगर भ्रमण के लिए शोभायात्रा निकाली गयी. शोभायात्रा में शामिल महिला, पुरुष, लड़के लड़कियों के द्वारा सीताराम का गुणगान करते हुए शामिल थे. इस दौरान मंदिर कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष हरदेव सिंह, सचिव कृष्णा सिंह, मुखिया शंभू सिंह, अनुज सिंह मनोज सिंह, ललन सिंह, पंकज सिंह, रॉकी सिंह, गोपाल सिंह, मनीष कुमार, सीमा देवी उर्फ़ गुड़िया, उर्मिला देवी, मनी देवी, उषा देवी सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. वहीं महायज्ञ में लगे दर्जनों देवी देवता, राजा हरिश्चंद्र, मां दुर्गा, कलयुगी प्रतिमा आदि का लोग दर्शन कर रहे हैं. नौ दिवसीय महायज्ञ में दिन प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है. महायज्ञ में तारा माची, मौत का कुआं, टोरा टोरा, ब्रेक डांस, नाव झूला सहित विभिन्न प्रकार के दुकानों का आनंद श्रद्धालु ले रहे हैं. प्रसिद्ध देवी का स्थल होने के नाते कई जिले के श्रद्धालु आकर भव्य यज्ञशाला का परिक्रमा कर रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
