गिद्धौर : जसीडीह-किऊल रेलखंड पर गिद्धौर रेलवे स्टेशन के समीप बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवती की मौत हो गयी. घटना रेलवे पोल संख्या 378/22 और 378/20 के बीच की बतायी जा रही है. हादसे की सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधन ने रेलवे कंट्रोल और जीआरपी झाझा को जानकारी दी.
जीआरपी ने शव कब्जे में लिया
सूचना मिलने पर जीआरपी झाझा की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस आसपास के गांवों और इलाकों में पूछताछ कर युवती की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गयी थी. हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
हादसे के कारणों की भी जांच
जीआरपी ने घटना से जुड़ी आवश्यक जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि युवती की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी.
स्टेशन प्रबंधक ने दी घटना की जानकारी
गिद्धौर रेलवे स्टेशन प्रबंधक पप्पू गौंड ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर युवती के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल और जीआरपी झाझा को जानकारी दी गयी. सूचना के बाद जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
