बरहट . विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग स्थित कटौना मोड़ पर बनाये गये चेकपोस्ट पर अवैध वसूली करने मामले में एसपी ने चार पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है. निलंबित पुलिस कर्मियों में मलयपुर थाने के एसआइ सदानंद कुमार, सिपाही सुबोध कुमार, विजय कुमार, महिला सिपाही भाग्यश्री कुमारी हैं. सभी की ड्यूटी उक्त चेकपोस्ट पर लगी थी. एसपी ने चारों निलंबित पुलिसकर्मियों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने का भी निर्देश दिया है. जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव को लेकर कटौना बाइपास मोड़ पर एसएसटी चेकपोस्ट बनाया गया है. शनिवार की देर रात गिद्धौर की ओर से आ रहे एक मालवाहक चारपहिया वाहन को पुलिस तेज आवाज में गाना बजाने के मामले में जांच के लिए रोका गया. इस दौरान वाहन चालक ने एक पुलिसकर्मी पर अवैध ढंग से 700 रुपये वसूली का आरोप लगाया. मामला संज्ञान में आते ही एसपी विश्वजीत दयाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. एसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों और चेकपोस्ट प्रभारी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि चुनाव आचार संहिता के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
