दो बाइकों की टक्कर में चार घायल, दो की हालत नाजुक

गिद्धौर-झाझा मुख्य राजमार्ग पर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी आश्रम के समीप गुरुवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.

गिद्धौर. गिद्धौर-झाझा मुख्य राजमार्ग पर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी आश्रम के समीप गुरुवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. इनमें दो घायलों की हालत नाजुक बतायी जा रही है. घायलों की पहचान मलयपुर थाना क्षेत्र निवासी सुनील कुमार मिश्रा व निर्मल कुमार बरनवाल, गिद्धौर निवासी पप्पू राम तथा प्रखंड स्वच्छता समन्वयक प्रियंका रानी के रूप में की गयी है. घायल सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि वे मलयपुर से दिघ्घी गांव जा रहे थे, तभी गांधी आश्रम के पास सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी. घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर लाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार ने प्राथमिक उपचार किया. सुनील कुमार मिश्रा व निर्मल कुमार बरनवाल की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया गया. वहीं प्रियंका रानी की हालत सामान्य बतायी जा रही है. आसपास के ग्रामीणों के अनुसार दूसरी बाइक का चालक संतोष कुमार बताया जा रहा है, जो कथित तौर पर नशे की हालत में था और दुर्घटना के बाद फरार हो गया. इधर, घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह अस्पताल पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. बताते चलें कि गिद्धौर-झाझा मुख्य मार्ग पर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे स्थानीय लोग दहशत में रहते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >