गिद्धौर. प्रखंड के कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य का शिलान्यास सोमवार को झाझा विधायक सह पूर्व मंत्री दामोदर रावत ने शिलापट्ट का अनावरण कर किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को बिहार सरकार ने पूरा किया है. सरकार की मंजूरी से 17.86 करोड़ रुपये की लागत से यहां भव्य स्टेडियम का पुनर्निर्माण होगा. यहां खिलाड़ियों के अभ्यास, आवासन सहित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेंगी. विधायक श्री रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार को चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर कर रही है. जमुई जिला का खेलों से गहरा लगाव रहा है और यहां के खिलाड़ियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का लोहा मनवाया है. इसी को देखते हुए सरकार ने गिद्धौर स्टेडियम के जीर्णोद्धार की दिशा में यह कदम उठाया है. कार्यक्रम को जदयू नेता शैलेंद्र कुमार, दिनेश मंडल, जयनंदन सिंह, राजेंद्र राव, पूर्व जिप अध्यक्ष ब्रह्मदेव रावत सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया. उन्होंने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का धन्यवाद ज्ञापित किया. इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी, खिलाड़ी व विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
