चकाई चेक पोस्ट पर ऑटो से विदेशी शराब जब्त

Jamui News : जमुई में शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकाई चेक पोस्ट पर एक ऑटो से 49.500 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट :

बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहा है. इसी कड़ी में चकाई चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान विभाग की टीम ने एक ऑटो से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की. मामले में ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.गिरफ्तार तस्कर की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी निर्मल कुमार सिंह (29) पिता निरंजन सिंह के रूप में हुई है. उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के देवघर से शराब की खेप जमुई लाई जा रही है.

गुप्त सूचना पर चलाया गया जांच अभियान

सूचना मिलते ही जिले के विभिन्न चेक पोस्टों पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया. इसी दौरान चकाई चेक पोस्ट पर संदेह के आधार पर एक ऑटो को रोककर तलाशी ली गयी. जांच के दौरान ऑटो से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई.

ऑटो से मिली 49 लीटर शराब

उत्पाद विभाग के अनुसार, बरामद शराब में 72 कैन बियर शामिल है, जिसकी मात्रा 36 लीटर है. इसके अलावा 750 एमएल की 12 बोतलें व 375 एमएल की 12 बोतलें जब्त की गयीं. कुल मिलाकर 49.500 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है.

तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी टीम

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किन लोगों तक पहुंचायी जानी थी और इसमें कौन-कौन शामिल है.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

उत्पाद विभाग ने साफ किया है कि शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी. विभाग ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >