टीएमवीएम में ज्ञान-विज्ञान प्रदर्शनी व बाल मेला का भव्य आयोजन सिकंदरा. तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर वीरायतन, लछुआड़ में शनिवार को ज्ञान-विज्ञान प्रदर्शनी व बाल मेला का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम पद्मश्री से सम्मानित पूज्य ताई मां आचार्य श्रीचंदना जी महाराज के पावन आशीर्वाद व पूज्य श्री डॉ संप्रज्ञा जी के संरक्षण में संपन्न हुआ. प्रदर्शनी में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. बच्चों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों में एयर पॉल्यूशन कंट्रोलर, रेन प्रोटेक्शन सिस्टम, क्लॉथ वॉशिंग मॉडल, 3-डी होलो प्रोजेक्टर, एयर प्यूरिफायर, वैक्यूम क्लीनर, ज्वालामुखी विस्फोट, ग्लोबल वार्मिंग के साथ-साथ हिंदी व अंग्रेजी साहित्य और व्याकरण पर आधारित शैक्षिक क्रियाकलाप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे. विद्यार्थियों ने प्रत्येक मॉडल की कार्यप्रणाली को सरल व प्रभावी ढंग से समझाया, जिसे अभिभावकों और आगंतुकों ने काफी सराहा. कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न फूड स्टॉल भी लोगों के बीच आकर्षण का विषय बने, जिससे विद्यार्थियों में सेवा-भाव, सहयोग और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित हुई. अभिभावकों ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें व्यावहारिक और प्रयोगात्मक ज्ञान से जोड़ते हैं. विद्यालय परिवार ने बताया कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को विज्ञान, रचनात्मकता और अनुशासन से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं. कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
