कड़ाके की ठंड में भी कैलाश डैम रहा गुलजार

नववर्ष का जश्न मनाने के लिए कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों की संख्या में लोग प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कैलाश डैम पहुंचे.

अलीगंज . नववर्ष का जश्न मनाने के लिए कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों की संख्या में लोग प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कैलाश डैम पहुंचे. वर्ष 2026 के पहले दिन अलीगंज क्षेत्र के दक्षिणी जंगलों से घिरी उडहुआ पहाड़ की तलहटी में स्थित कैलाश डैम पर्यटकों से गुलजार रहा. सुबह से ही लोग अपने परिवार, सगे-संबंधियों और मित्रों के साथ यहां पहुंचकर वनभोज और मौज-मस्ती में दिनभर डूबे रहे. बताया जाता है कि उडहुआ पहाड़ की चोटी पर स्थित प्रसिद्ध पीर बाबा औलिया के मजार के कारण यह क्षेत्र पहले से ही श्रद्धालुओं और सैलानियों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा है. मजार के नीचे स्थित कैलाश डैम चारों ओर से पहाड़ी वादियों और हरियाली से घिरा होने के कारण इलाके का प्रमुख पिकनिक स्पॉट बन चुका है. हर वर्ष नववर्ष के मौके पर यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन इस वर्ष ठंड के बावजूद रिकॉर्ड भीड़ देखने को मिली. नववर्ष के दिन यहां का माहौल पूरी तरह उत्सवमय रहा. अधिकांश लोग सेल्फी लेने में मशगूल रहे. सैलानियों की सुविधा के लिए मौके पर गुपचुप, गुब्बारे, खिलौने सहित अन्य सामग्री की अस्थायी दुकानें भी लगी हुई थीं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कैलाश डैम को एक विकसित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग वर्षों से की जा रही है. क्षेत्रीय विधायक प्रफुल मांझी द्वारा विधानसभा में यह मुद्दा उठाए जाने के बावजूद अब तक ठोस पहल नहीं हो सकी है. वहीं, पिकनिक स्पॉट पर शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन सुबह से ही मुस्तैद रहा. पुलिस व प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती के कारण पूरे दिन माहौल शांतिपूर्ण बना रहा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >