चंद्रमंडीह में सड़क हादसा, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल चकाई. बीते शनिवार देर रात सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर नेशनल हाइवे-333 के माधोपुर स्थित गंगटी मोड़ के समीप हुई. मृतक की पहचान घुटवे पंचायत के गदरजोर गांव निवासी 66 वर्षीय दरोगी यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वे हाल के दिनों में गंगटी मोड़ के पास मकान बनाकर रह रहे थे. वे रात करीब 10 बजे सड़क पार कर रहे थे, तभी देवघर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. वहीं बाइक सवार धर्मेंद्र कुमार, जो रामसिंहडीह पंचायत के ककोरिया गांव का निवासी है, गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए चकाई रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर नेशनल हाईवे-333 को जाम कर दिया, इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा. मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. बताया जाता है कि मृतक दरोगी यादव कोलकाता में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया.
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, मुआवजा की मांग को लेकर एनएच-333 जाम
बीते शनिवार देर रात सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया.
