ड्यूटी खत्म होने का हवाला देकर घायल का इलाज नहीं किया, गिद्धौर सीएचसी के डॉक्टर और जीएनएम को नोटिस

गिद्धौर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सड़क दुर्घटना के घायल मरीज का इलाज न करने पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. एक डॉक्टर और एक जीएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. स्थानीय लोगों में रोष है.

Doctor Notice: गिद्धौर स्थित दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायल मरीज का समय पर इलाज नहीं करने के आरोप में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है. मरीज के परिजनों की शिकायत पर अस्पताल में कार्यरत एक चिकित्सा पदाधिकारी और एक जीएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित दिन का वेतन और मानदेय रोक दिया जाएगा.

सड़क दुर्घटना के घायल के इलाज में लापरवाही का आरोप

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नरोत्तम कुमार सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार सड़क दुर्घटना में घायल मरीज को समय पर इलाज नहीं मिलने की शिकायत प्राप्त हुई थी. आरोप है कि अस्पताल में कार्यरत डॉ राहुल कुमार और जीएनएम नूतन कुमारी ने ड्यूटी समाप्त होने का हवाला देकर घायल मरीज का उपचार नहीं किया और अस्पताल से चले गए. इस मामले को गंभीर मानते हुए दोनों से स्पष्टीकरण मांगा गया है.

24 घंटे में मांगा गया जवाब

Doctor Notice: कार्यालय आदेश में दोनों स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि पत्र प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण उपलब्ध कराएं. यदि समय पर जवाब नहीं दिया गया या जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित दिन का वेतन और मानदेय अवरुद्ध कर दिया जाएगा. इस कार्रवाई की सूचना सिविल सर्जन-सह-सदस्य सचिव जिला स्वास्थ्य समिति तथा असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जमुई को भी भेजी गई है.

स्थानीय लोगों में नाराजगी

घटना के बाद स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में घायल मरीज का इलाज करना अस्पताल की प्राथमिक जिम्मेदारी है. ड्यूटी समाप्त होने का हवाला देकर मरीज को बिना इलाज छोड़ना गंभीर लापरवाही है. लोगों ने दोषी स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

ALSO READ: चीखती रही ममता, सोती रही संवेदनशीलता! टेबल पर कटी रात, ऐसी है सरकारी अस्पताल की हाल


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kumar saurabh

Published by: Pintu Pranav

कुमार सौरभ प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गिद्धौर (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >