जमुई. आगामी 21 फरवरी को धूमधाम से जिला स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इसकी तैयारियों को लेकर डीएम अभिलाषा शर्मा ने सोमवार को बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया. बैठक में जिला स्थापना दिवस सह-समाजवादी नेता तथा स्वतंत्रता सेनानी स्व श्रीकृष्ण सिंह कि जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई. जिलाधिकारी ने कहा कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी यह महोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया जाएगा. बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 फरवरी 2025 को जिला स्थापना दिवस-सह-समाजवादी नेता तथा स्वतंत्रता सेनानी स्व श्रीकृष्ण सिंह कि जयंती समारोह का मुख्य कार्यक्रम श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम जमुई में आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर अपर समाहर्ता ने नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी को निर्देश दिया कि स्थापना दिवस समारोह से पहले पूरे शहर की साफ-सफाई की जाए. विशेष रूप से समाहरणालय परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए गए. जिससे पूरे शहर में स्थापना दिवस का उत्साह दिखाई दे. स्थापना दिवस-सह-समाजवादी नेता तथा स्वतंत्रता सेनानी स्व श्रीकृष्ण सिंह कि जयंती समारोह के तहत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. इनमें रंगोली प्रतियोगिता, खेलकूद प्रतियोगिताएं और अन्य मनोरंजक गतिविधियां शामिल होंगी. इन कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों और विद्यालयों के छात्रों को भी भाग लेने का अवसर मिलेगा. समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
