गिद्धौर. मानवता को शर्मसार करने वाला मामला गिद्धौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सामने आया है, जहां ड्यूटी खत्म होने का हवाला देकर घायल मरीज का इलाज नहीं करने से जुड़े एक मामले के घायल के परिजनों के आरोप में दिग्विजय सिंह समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने डॉक्टर एवं एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, साथ ही 24 घंटे में स्पष्टीकरण नहीं देने पर उस दिन का वेतन,मानदेय रोकने की चेतावनी भी दी है.
क्या है पूरा मामला
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नरोत्तम कुमार सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश पत्र संख्या-189 के अनुसार, सड़क दुर्घटना से जुड़े एक मामले में बरती गयी लापरवाही पर संज्ञान लेते हुए सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को समय पर इलाज नहीं मिलने की शिकायत पर अस्पताल में कार्यरत डॉ. राहुल कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी एवं नूतन कुमारी, जीएनएम को जिम्मेदार ठहराया गया है, आरोप है कि दोनों ने ड्यूटी खत्म होने की बात कहकर घायल मरीज को बिना इलाज किए अस्पताल में छोड़ दिया, इसी मामले में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने पत्र जारी कर मामले में स्पष्टीकरण मांगा है, कि किस परिस्थिति में आप दोनों ड्यूटी खत्म होने का हवाला देकर घायल मरीज को बिना इलाज किये अस्पताल छोड़कर चले गये. निर्देश दिया गया है कि पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर अपना लिखित स्पष्टीकरण उपलब्ध कराएं, स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं हुआ या समय पर नहीं दिया गया तो संबंधित दिन का वेतन और मानदेय अवरुद्ध कर दिया जाएगा. वहीं कार्यवाही से जुड़े इस पत्र की प्रति सिविल सर्जन-सह-सदस्य सचिव, जिला स्वास्थ्य समिति,जमुई एवं असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जमुई को भी सूचनार्थ भेजी गयी है.
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद से क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी है, ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में इमरजेंसी के समय ड्यूटी खत्म का बहाना स्वीकार नहीं किया जा सकता, लोगों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग स्वास्थ्य प्रबंधन से मांग की है.
