झाझा (जमुई). शहर के मुख्य बाजार स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में रविवार शाम एक युवक ग्राहक बनकर पहुंचा और बुजुर्ग दुकानदार का ध्यान भटकाकर जेवर से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गया. दुकानदार के अनुसार डिब्बे में सोने के लॉकेट और मंगलसूत्र के अलावा करीब 50 ग्राम का अन्य सोने का जेवर भी रखा था. चोरी हुए जेवर की कीमत करीब 5.60 लाख रुपये बतायी गयी है. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी. दुकानदार ने सोमवार को सीसीटीवी फुटेज के साथ थाना में आवेदन देकर पुलिस को घटना की जानकारी दी.
ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा युवक
ज्वेलर्स दुकानदार विजेंद्र प्रसाद लोहानी उर्फ तनिकन लोहानी ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम वह दुकान में अकेले बैठे थे. इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और सोने का लॉकेट व मंगलसूत्र दिखाने को कहा.
दुकानदार ने एक डिब्बे में रखे लॉकेट और मंगलसूत्र निकालकर युवक को दिखाना शुरू किया. उसी डिब्बे में करीब 50 ग्राम का एक अन्य सोने का जेवर भी रखा हुआ था.
ध्यान भटकते ही जेवर वाला डिब्बा लेकर फरार
दुकानदार के अनुसार जेवर दिखाने के दौरान युवक ने मौका पाकर उनका ध्यान भटका दिया और जेवर रखा डिब्बा लेकर दुकान से बाहर निकल गया. घटना का पता चलते ही दुकानदार ने शोर मचाना शुरू किया.
शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे, लेकिन युवक बाजार में मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया.
5.60 लाख रुपये के जेवर चोरी होने का दावा
दुकानदार ने चोरी हुए जेवर की कीमत करीब 5 लाख 60 हजार रुपये बतायी है. घटना के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गयी, जिसमें युवक की गतिविधियां कैद मिलीं. इसके बाद दुकानदार ने फुटेज के साथ सोमवार को थाना में आवेदन दिया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की तलाश
मामले को लेकर झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि दुकानदार के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर युवक की पहचान और तलाश की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
मुख्य बाजार में घटना से दुकानदारों में चिंता
मुख्य बाजार में ज्वेलर्स दुकान पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भी चिंता बढ़ गयी है. दुकानदारों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की जरूरत जतायी है.
