वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान व अधिकारों के लिए बनेगा साझा मंच, एक माह में स्वास्थ्य शिविर

वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सामाजिक सहभागिता और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एक नया साझा मंच तैयार किया जा रहा है. इस पहल का उद्देश्य उन्हें सार्वजनिक संस्थानों में प्राथमिकता दिलाना और उनके अनुभव का समाज में सदुपयोग सुनिश्चित करना है. आगामी एक माह में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया जाएगा.

झाझा : रेलवे स्टेशन चौक स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार देर संध्या वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह की अध्यक्षता बुजुर्ग चक्रधारी यादव ने की. इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया और सामाजिक एकजुटता के साथ वरिष्ठजनों के हित में काम करने का संकल्प लिया.

सम्मान, स्वास्थ्य और अधिकारों के लिए बनेगा मंच

समारोह की अगुवाई करते हुए पूर्व प्रबंधक शैलेश कुमार ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सामाजिक सहभागिता, स्वास्थ्य सुविधा और गरिमापूर्ण जीवन से जुड़े विषयों को ध्यान में रखते हुए एक साझा मंच तैयार किया जा रहा है. यह पहल फिलहाल एक वर्ष तक लगातार संचालित की जाएगी. इसके बाद कमेटी का गठन कर संगठन को स्थायी स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा.

अस्पताल और बैंक में प्राथमिकता दिलाने पर जोर

बैठक में अस्पताल, बैंक, प्रखंड कार्यालय, रेलवे कार्यालय समेत अन्य सार्वजनिक संस्थानों में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दिलाने के लिए पहल करने पर चर्चा हुई. वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान और सुविधाएं मिलना जरूरी है, ताकि उन्हें सार्वजनिक सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो.

बताया गया कि आगामी एक माह के भीतर वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा. साथ ही संगठन के विधिवत निबंधन की प्रक्रिया पूरी करने की बात भी कही गयी.

अनुभव और विवेक को समाज से जोड़ने का संकल्प

वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी के पास तकनीक और सूचनाओं की प्रचुरता है, लेकिन जीवन के संघर्षों से अर्जित अनुभव और विवेक का कोई विकल्प नहीं है. वरिष्ठ पीढ़ी ने अभावों, संघर्षों और बदलते समय के बीच परिवार और समाज को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है.

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को समाज का निष्क्रिय या आश्रित वर्ग मानना उनके योगदान को सीमित करके देखने जैसा है. उनके अनुभव और मार्गदर्शन को समाज से जोड़कर रखना जरूरी है.

समारोह में सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि वरिष्ठ नागरिक केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि वर्तमान की समझ और भविष्य की दिशा हैं.

दर्जनों वरिष्ठ नागरिक रहे मौजूद

मौके पर उदय शंकर झा, संतोष झुनझुनवाला, बनारसी पासवान, मनोज कुमार, मुन्ना अख्तर, डॉ मनोज बंका, मिथलेश कुमार समेत दर्जनों वरिष्ठ नागरिक मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतांबर सिंह

ऋतांबर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झाझा (जमुई) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >